छत्तीसगढ़

विकसित छत्तीसगढ़ से ही साकार होगा विकसित भारत का संकल्प : मनसुख मांडविया

केंद्रीय मंत्री ने तीन दिवसीय राज्योत्सव का किया शुभारंभ, साय बोले- नक्सलवाद से निकलकर शांति और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा बस्तर

रायपुर, 1 नवंबर। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को नवा रायपुर में तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प ही विकसित भारत के निर्माण को नई गति देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे पूरा करने में छत्तीसगढ़ जैसे प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध संस्कृति और अपार संभावनाओं वाले राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मांडविया ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर यहां के विकास की मजबूत नींव रखी थी। आज प्रदेश उसी संकल्प को आगे बढ़ा रहा है। छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराएं, प्राकृतिक संपदा और लोगों की कर्मठता उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि कभी बस्तर की पहचान नक्सलवाद से होती थी, लेकिन अब वहां खेल, पर्यटन, संस्कृति और विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं। औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
अटल जी ने राज्य निर्माण का वादा पूरा किया : साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ की जनता से अलग राज्य बनाने का वादा किया था, जिसे उन्होंने 1 नवंबर 2000 को पूरा किया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बने छत्तीसगढ़ ने बीते 26 वर्षों में विकास की लंबी यात्रा तय की है। राज्य गठन के समय सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की चुनौतियां थीं। आज इन क्षेत्रों में व्यापक विस्तार हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत कर गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था को नई मजबूती मिली।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button