छत्तीसगढ़

रविवार को भी खुला स्कूल, छुट्टी के बाद बच्चों को लेने उमड़ी भीड़, हाईवे पर घंटे भर जाम

अंबिकापुर, 1 नवंबर। शहर से होकर गुजरने वाले कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बार फिर अव्यवस्था का नजारा देखने को मिला। होली क्रॉस स्कूल में छुट्टी के बाद बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों की भीड़ के कारण नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, रविवार को भी होली क्रॉस स्कूल का संचालन किया जा रहा था। स्कूल की छुट्टी होने के समय बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेने पहुंचे। स्कूल परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण अभिभावकों के वाहन सड़क के आसपास जमा हो गए। वहीं छुट्टी के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी एक साथ बाहर निकले। देखते ही देखते सड़क पर भीड़ बढ़ गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। स्थिति ऐसी बनी कि दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि होली क्रॉस स्कूल के आसपास यह समस्या कोई नई नहीं है। स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय अक्सर इसी तरह की स्थिति निर्मित होती है। अभिभावकों के वाहनों और विद्यार्थियों की भीड़ के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगना आम बात हो गई है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

सबसे गंभीर पहलू यह है कि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग होने के साथ ही कई जरूरी सेवाओं और लंबी दूरी के वाहनों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। जाम के दौरान एंबुलेंस सहित आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों के फंसने की स्थिति भी बनती है। ऐसे में किसी गंभीर मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय नागरिकों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि स्कूल की अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात बाधित होने की शिकायतों के बावजूद कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी कर ली जाती है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन यह लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।

स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन के साथ प्रशासन से भी तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी यातायात व्यवस्था बनाने की मांग की है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button