विश्व पर्यटन के नक्शे पर दंतेवाड़ा की ख्याति

डेनमार्क के पर्यटकों ने देखी झिरका की खूबसूरती
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 नवम्बर। दंतेवाड़ा के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को वैश्विक ख्याति मिल रही है। इसके फलस्वरूप पर्यटन की गतिविधियों में इजाफा होगा।
जिले के झारालावा जलप्रपात के प्राकृतिक सौंदर्य का तल्लीनता से आनंद लिया। झिरका ग्राम में स्थित प्रसिद्ध झारालावा जलप्रपात में पहली बार डेनमार्क से चार विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ। इस अवसर पर स्थानीय पर्यटन समिति एवं ग्रामीणों द्वारा विदेशी अतिथियों का आत्मीयता के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
डेनमार्क से आए पर्यटकों ने झिरका ग्राम की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान एवं ग्रामीण जीवनशैली को करीब से देखा और समझा।
भ्रमण के दौरान विदेशी पर्यटकों ने बस्तर की प्रसिद्ध पारंपरिक चापड़ा चटनी को तैयार करने की संपूर्ण प्रक्रिया देखी। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से चटनी बनाने की पारंपरिक विधि के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा इसके अनूठे स्वाद का भी स्वाद लिया।
जीवन शैली से हुए वाकिफ पर्यटकों ने झिरका ग्राम का भ्रमण कर स्थानीय ग्रामीण जीवन, रहन-सहन एवं पारंपरिक गतिविधियों को देखा। इस दौरान उन्होंने बस्तर की पारंपरिक महुआ निर्माण प्रक्रिया को भी विस्तार से समझा तथा इससे जुड़ी स्थानीय परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
प्रशासन के प्रयास लाए रंग
झिरका ग्राम में विदेशी पर्यटकों का यह पहला आगमन स्थानीय ग्रामीण पर्यटन के विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। झारालावा जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता के साथ यहाँ की विशिष्ट जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन एवं ग्रामीण जीवनशैली पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करने की क्षमता रखते हैं।

