जोगी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता भगवानू नायक का इस्तीफा

रायपुर, 2 नवंबर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता भगवानू नायक ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी की सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को सौंपा है।
2 नवंबर को लिखे इस्तीफे में भगवानू नायक ने कहा है कि निजी कारणों से अब उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय दे पाना संभव नहीं है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री एवं जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ काम करने के अनुभव को अपने सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया।
उन्होंने अमित जोगी के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया। नायक ने स्पष्ट किया कि पद और पार्टी की सदस्यता से अलग होने के बाद भी जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और आत्मीय संबंध बने रहेंगे।



