छत्तीसगढ़

Bilaspur News : विद्युत सब स्टेशन में हंगामा और शासकीय कार्य में बाधा डालने पर 7 गिरफ्तार, हिर्री पुलिस की कार्रवाई

बिलासपुर, 02 नवंबर 2026। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से हुई मौत के बाद उपजे आक्रोश के बीच शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। हिर्री पुलिस ने हंगामा करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, विद्युत सब स्टेशन ऑपरेटर अमन साहू की मौत के बाद कुछ लोगों द्वारा आक्रोशित होकर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर हिर्री पुलिस ने कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और पीएसआई उषा निषाद के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई की।

इस मामले में दीपक कौशिक (27), शुभम कौशिक (27), सत्यम कौशिक (30), उमाशंकर कौशिक (28), आयुष कौशिक (24), ओमप्रकाश कौशिक (32) और ललित कुमार कौशिक (24), सभी निवासी ग्राम कुरेली, के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने सातों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

हिर्री पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कानून-व्यवस्था भंग करने या सार्वजनिक एवं शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button