छत्तीसगढ़

बहन के घर दो दिन रूका, ताड़ने के बाद लगाई 37 लाख की सेंध

गिरफ्तार, 25 तोला सोने के जेवर बरामद

रायपुर, 2 नवंबर।जीजा के सूने मकान में लाखों की चोरी करने वाला सगा साला गिरफ्तार किया गया है।
ऑनलाईन जुआ खेलने की लत एवं कर्ज चुकाने के लिए चोरी की थी।साले के कब्जे से चोरी की 25 तोला सोने के जेवर कीमत लगभग 37 लाख रूपये बरामद किए गए हैं।

अनिल शर्मा निवासी लक्ष्मी नगर टिकरापारा रायपुर ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार अनिल कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ है तथा अपने परिवार के साथ वहीं रहता है। रायपुर स्थित उसके मकान के तीसरे तल पर वह स्वयं रहता है, जबकि प्रथम एवं द्वितीय तल पर उसके माता-पिता एवं बड़े भाई का परिवार निवास करता है। 28 अक्टूबर को दोपहर में मकान की साफ-सफाई करने वाली महिला साफ-सफाई के बाद ताला लगाकर चाबी उसकी मां सुमित्रा शर्मा को सौंपकर गई थी। 30 अक्टूबर को सुबह उसकी मां ने फोन कर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला कटा होने एवं चोरी होने की सूचना दी। अनिल ने रायपुर पहुंचकर देखने पर मुख्य दरवाजे का ताला कटा हुआ तथा कमरे में रखी आलमारी एवं लॉकर टूटे हुए मिले। आलमारी में रखे सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण तथा नगदी रकम नहीं थे। इस रिपोर्ट पर टिकरापारा पुलिस धारा 331(4), 305 दर्ज कर जांच कर रही थी। पुलिस ने अनिल, परिजनों और काम वाली बाई से विस्तृत पूछताछ की।

इसी दौरान घर के पास के एक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करते हुए तथा सीढ़ियों के रास्ते ऊपर जाते हुए देखा ।फुटेज के आधार पर उक्त व्यक्ति की पहचान अनिल के साले एवं प्रिंस कॉलोनी टिकरापारा रायपुर निवासी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में की।

पुलिस टीम ने उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ करने पर चोरी स्वीकार कर लिया। उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने बताया किपूछताछ में प्रिंस ने बताया कि उसे ऑनलाईन जुआ खेलने की आदत है तथा उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई। कुछ दिन पूर्व वह अपनी बहन के साथ अनिल के घर में दो दिन तक रुका था। इस दौरान उसे घर की आलमारी में सोने-चांदी एवं हीरे के आभूषण तथा नकदी रकम रखे होने की जानकारी हो गई थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है। वह 30 तारीख को मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया तथा सीढ़ियों के रास्ते तीसरे तल पर पहुंचा। इसके बाद अपने पास रखी छोटे ग्राइंडर मशीन की सहायता से दरवाजे की कुंडी एवं ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया तथा आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने, चांदी एवं हीरे के आभूषण तथा नकदी रकम चोरी कर ली। चोरी की घटना को लेकर भ्रमित करने के उद्देश्य से आरोपी ने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए तथा कपड़ों को व्यवस्थित कर आलमारी में रख दिया, ताकि चोरी की घटना का संदेह तत्काल उस पर न हो। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था।

गिरफ्तार आरोपी – प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय पिता देवेन्द्र पाण्डेय 31 वार्ड 13, पंजाबीपारा थाना कोतवाली महासमुंद। हाल पता – प्रिंस कालोनी लक्ष्मी नगर टिकरापारा ।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button