सुकमा के 50 ग्रामीण पहली बार ट्रेन से पहुंचे गुजरात

पीएम की मौजूदगी में राष्ट्रीय एकता परेड के बने साक्षी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सुकमा, 4 नवंबर। बस्तर के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के 50 ग्रामीणों के लिए गुजरात का सफर कई मायनों में यादगार बन गया। कई ग्रामीणों ने पहली बार ट्रेन में बैठकर लंबी दूरी तय की और एकता नगर (केवडिय़ा) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं भव्य परेड के साक्षी बने। परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस के डीआरजी और एसटीएफ जवानों की कदमताल देख ग्रामीणों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से करीब 800 नागरिक पहुंचे थे। इनकी मौजूदगी ने परेड में शामिल प्रदेश के पुलिस जवानों का मनोबल बढ़ाया। सुकमा से पहुंचे 50 सदस्यीय दल ने समारोह के साथ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भी भ्रमण किया। ग्रामीणों के लिए यह यात्रा नए प्रदेश को देखने, राष्ट्रीय आयोजन से रूबरू होने और अपने प्रदेश के जवानों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करते देखने का अनूठा अवसर रही।
एकता नगर में आयोजित परेड में जवानों की अनुशासित कदमताल ने ग्रामीणों को खासा प्रभावित किया। बस्तर के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले अपने ही प्रदेश के जवानों को राष्ट्रीय समारोह में हिस्सा लेते देख ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं। कई ग्रामीणों के लिए यह पहला अवसर था, जब उन्होंने इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन को प्रत्यक्ष देखा।
पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में इस यात्रा का आयोजन किया गया। उप पुलिस अधीक्षक सपन चौधरी के नेतृत्व में 50 सदस्यीय दल गुजरात पहुंचा। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को राष्ट्रीय एकता समारोह में सहभागिता के साथ गुजरात के प्रमुख पर्यटन स्थल स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने का अवसर भी मिला।
गुजरात प्रवास से सकुशल लौटे दल के सदस्यों का पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके यात्रा अनुभवों और समारोह से जुड़ी यादों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
ग्रामीणों ने पहली रेल यात्रा, गुजरात भ्रमण और राष्ट्रीय एकता परेड को अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने इस अवसर के लिए सुकमा पुलिस प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ शासन का आभार जताया।

