छत्तीसगढ़

धमतरी में ई-चालान बकायादार वाहन चालकों पर सख्ती, भुगतान नहीं करने पर जब्त हो सकता है वाहन

धमतरी, 04 नवंबर 2026। जिले में लंबे समय से ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ धमतरी पुलिस अब सख्ती बरतने की तैयारी में है। पुलिस ने वाहन चालकों को अपने लंबित ई-चालानों का जल्द भुगतान करने की अपील की है। ऐसा नहीं करने पर वाहन जब्ती और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन जैसी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

SP भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस ने जिले के सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर लंबित ई-चालानों की स्थिति जांचें और निर्धारित समय सीमा में बकाया राशि जमा करें। पुलिस के अनुसार, लंबे समय से लंबित चालानों के कारण वाहन पंजीयन, बीमा नवीनीकरण और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) जैसी जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

ई-चालान की स्थिति जानने और भुगतान करने के लिए वाहन चालक परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा, पुराने लंबित चालानों के निराकरण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से नियमानुसार उपलब्ध छूट और राहत का लाभ भी लिया जा सकता है।

धमतरी पुलिस ने वाहन चालकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की भी सलाह दी है। चालान का भुगतान केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट के माध्यम से ही करें। किसी अनजान लिंक, फर्जी कॉल या संदिग्ध मैसेज के जरिए भुगतान करने से बचें।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपने दस्तावेज अद्यतन रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button