ज़ेलेंस्की ने मेलानिया ट्रंप को यूक्रेन का सर्वोच्च महिला सम्मान दिया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप को देश का सर्वोच्च महिला सम्मान दिया है.
राष्ट्रपति के आदेश के मुताबिक़, मेलानिया ट्रंप को ऑर्डर ऑफ़ प्रिंसेस ओल्गा के प्रथम श्रेणी के सम्मान से नवाज़ा गया है. यह सम्मान उन्हें यूक्रेन को मानवीय सहायता पहुंचाने में उनके अहम व्यक्तिगत योगदान के लिए दिया गया है.
यह घटनाक्रम यूक्रेन के दक्षिणी इलाक़े खेरसॉन में युद्धविराम ख़त्म होने के बाद सामने आया है. इस युद्धविराम के दौरान रूस के क़ब्ज़े वाले शहर ओलेश्की से कई सौ लोगों को सुरक्षित निकाला गया था.
मेलानिया ट्रंप के निमंत्रण पर रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को व्हाइट हाउस में मिलने वाले हैं.
इन प्रतिनिधिमंडलों में वे सदस्य भी शामिल होंगे, जिन्होंने लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान में हिस्सा लिया था. इनके अलावा दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे.
व्हाइट हाउस ने कहा कि मेलानिया ट्रंप ने युद्ध में शामिल दोनों देशों के बीच बातचीत की पहल स्वतंत्र रूप से की और युद्धविराम कराने में सफलता हासिल की.
व्हाइट हाउस ने आगे कहा, यह उपलब्धि किसी अमेरिकी प्रथम महिला की ओर से की गई एक शानदार कूटनीतिक पहल है.
रूस और यूक्रेन, दोनों पक्षों ने युद्धविराम कराने के लिए मेलानिया ट्रंप को कई बार धन्यवाद दिया है. हालांकि, दोनों में से किसी ने भी इसमें उनकी भूमिका की प्रकृति या दायरे के बारे में विस्तार से नहीं बताया.(bbc.com/hindi)

