सिद्धू मूसेवाला का ज़िक्र कर राहुल गांधी ने कहा, ‘पंजाब में प्रतिभाशाली लोगों को दी जाती है धमकी’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में इंसाफ़ रैली को संबोधित किया. इस दौरान सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सिद्धू भी उनके साथ मंच पर मौजूद थे.
राहुल गांधी ने इस दौरान सिद्धू मूसेवाला का भी ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, कुछ साल पहले मेरी उनसे (सिद्धू मूसेवाला से) मुलाक़ात हुई थी. उस समय मुझे नहीं पता था कि सिद्धू मूसेवाला कौन हैं. मुझे बस इतना बताया गया था कि वह एक अच्छे इंसान और संगीतकार हैं और कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहते हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूलेवाला एक ऊर्जावान और प्रतिभाशाली युवा थे, इसलिए मैंने उन्हें कांग्रेस में शामिल कराने में मदद की.
उन्होंने कहा, हमने बातचीत की और बाद में उन्हें धमकियां मिलने लगीं. फिर एक दिन मैंने यह देखा कि उनकी सुरक्षा हटा ली गई. पंजाब और पूरे देश के सामने, दिनदहाड़े पंजाब में उनकी हत्या कर दी गई.
राहुल गांधी ने आगे कहा, बलकौर सिंह के बेटे के साथ जो हुआ, वह अब पंजाब में एक चलन बन गया है. जिस सोच की वजह से सिद्धू मूसेवाला को सरेआम, बिना किसी डर के गोली मार दी गई, वही सोच अब पंजाब के हर कोने में फैल रही है.
राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू की तरह जो भी प्रतिभाशाली है और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहता है, जो पंजाब और देश की बेहतरी के लिए काम करना चाहता है, उसे धमकाया जाता है, डराया जाता है और आख़िरकार दिनदहाड़े गोली मार दी जाती है.
29 मई 2022 को, पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला पर घात लगाकर हमला किया गया था. उनकी कार की विंडस्क्रीन से उन्हें गोली मारी गई थी.(bbc.com/hindi)


