जबलपुर के गढ़ा हाल्ट में आधी रात घंटों खड़ी रही मूक माटी एक्सप्रेस
भूखे-प्यासे परेशान हुए यात्री; बच्ची ने वीडियो जारी कर खोली पोल
रायपुर, 6 नवम्बर।बीती रात रायपुरजबलपुर मूक माटी एक्सप्रेस (11701) गढ़ा स्टेशन पर घंटों खड़ी कर दी गई। इससे आधी रात बाद तक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह स्टेशन जबलपुर से महज 8 से 10 किलोमीटर पहले ही है। यह ट्रेन और स्टेशन जबलपुर जोन की होने की वजह से रायपुर में रेल अफसर पल्ला झाड़ रहे।
घंटों हलाकान रही ट्रेन में सफर कर रही सवार एक बच्ची ने वीडियो जारी कर अपनी परेशानी बताई और रेलवे प्रशासन से जल्द ट्रेन को जबलपुर पहुंचाने की अपील की।
मूक माटी एक्सप्रेस के जबलपुर पहुंचने का निर्धारित समय रात 10:45 बजे था, लेकिन ट्रेन करीब 11:15 बजे गढ़ा स्टेशन पहुंचकर खड़ी हो गई। वीडियो अपलोड होने तक रात 12:55 बजे के बाद भी ट्रेन वहीं खड़ी थी। इस देरी के चलते यात्री भूखे-प्यासे अपने घर पहुंचने का इंतजार करते रहे। यहां तक कि आधी रात और तारीख बदल गई, लेकिन ट्रेन जबलपुर नहीं पहुंची।
ट्रेन में सफर कर रही बच्ची ने वीडियो में बताया कि यात्री लंबे समय से परेशान हैं और रेलवे प्रशासन से ट्रेन को जल्द जबलपुर पहुंचाने की अपील की। उसने रेलवे ऐप और सोशल मीडिया के जरिए शिकायत करने की कोशिश भी की, लेकिन ऐप पर पीएनआर नंबर गलत बताए जाने के कारण ऑनलाइन शिकायत दर्ज नहीं हो सकी।
बच्ची ने इस पूरी परेशानी का वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया कि जब जरूरत के समय रेलवे के ऐप और सोशल मीडिया यात्रियों की मदद नहीं कर सकते, तो इन्हें बनाने का क्या फायदा?



