छत्तीसगढ़

चिट्टा सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय तस्कर अमृतसर से गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 6 नवंबर। बिलासपुर में हेरोइन यानी चिट्टा की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के अमृतसर में दबिश देकर मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिलासपुर लाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक 24 अक्टूबर को सकरी थाना क्षेत्र के उसलापुर बाजार के पास दीपक वालिया (32) को गिरफ्तार किया गया था। मूल रूप से अमृतसर निवासी दीपक वर्तमान में उसलापुर में रह रहा था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा 10,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए थे।

पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा था।

दीपक से पूछताछ और बिलासपुर साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि शहर में सप्लाई की जा रही हेरोइन का प्रमुख स्रोत अमृतसर में है। जांच में रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू का नाम सामने आया।

इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और सकरी थाने की विशेष टीम पंजाब रवाना की गई। स्थानीय पुलिस की मदद से अमृतसर में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे बिलासपुर लाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button