छत्तीसगढ़

राहुल गांधी ने आधार कार्ड को लेकर ललन सिंह के बयान पर कहा, ‘साज़िश बहुत गहरी है’

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक बयान को शेयर करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट में केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

राहुल गांधी ने लिखा, मोदी सरकार के मंत्री का ऐलान- योजनाओं का लाभ अब आधार कार्ड से नहीं, वोटर आईडी से तय होगा. साजिश बहुत गहरी है, इत्मीनान से समझिए.

उन्होंने लिखा, एसआईआर के नाम पर करोड़ों नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं. रोका नहीं गया तो और भी काटे जाएंगे. ज़्यादातर नाम उनके हैं जो बीजेपी के ख़िलाफ़ आक्रोश में हैं.

वोटर लिस्ट एक निष्पक्ष चुनाव आयोग के हाथ में होनी चाहिए. मगर अब वो मोदी सरकार के कर्मचारी, ज्ञानेश कुमार के हाथ में है, जिनकी बीजेपी के साथ मिलीभगत में वोट चोरी हमने सबूत के साथ पकड़ी है. तैयारी है ऐसी लिस्ट बनाने की जिसमें बहुमत हमेशा बीजेपी का हो – और अब वही लिस्ट तय करेगी कि आपको योजना का लाभ मिलेगा या नहीं.

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, जिसने भी ठाना कि बीजेपी को हटाना है, तो चुन-चुन कर सबका नाम काटा जाएगा. नाम कटा – वोट गया. वोट गया – हक़ गया. देखते ही देखते आप एक हाइजैक्ड लोकतंत्र के अदृश्य नागरिक बन जाएंगे – जहां जनता सरकार नहीं चुनेगी, सरकार अपनी जनता चुनेगी.

आज पंचायती राज की योजनाएं. कल राशन? पेंशन? मनरेगा? आवास? छात्रवृत्ति? आरक्षण? यह चुनाव जीतने की राजनीति नहीं, चुनाव चोरी का इंतज़ाम और सत्ता में बने रहने का स्थायी बंदोबस्त है.

राहुल गांधी ने लिखा, वोट देना आपका अधिकार है, शर्त नहीं. किसी ग़रीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड की ग़ुलाम नहीं हो सकती. ये सिर्फ़ वोट चोरी नहीं – ये हक़ चोरी है. हम ये होने नहीं देंगे.

पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने कहा है कि लाभार्थियों को उनके आधार नंबर के आधार पर लाभ का भुगतान करने की मौजूदा व्यवस्था की जगह जल्द ही एक ऐसी प्रणाली लाई जाएगी, जिसमें बायोमेट्रिक्स और वोटर आईडी नंबर का इस्तेमाल करके भुगतान किया जाएगा.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button