पटना पुलिस का दावा- मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत

पटना पुलिस ने बताया है कि बिहार एसटीएफ़ (स्पेशल टास्क फ़ोर्स) और पटना पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मनेर थाना इलाक़े में ऑपरेशन किया, इस दौरान पुलिस टीम और अपराधियों के बीच कथित तौर पर मुठभेड़ हुई.
पुलिस के मुताबिक़ सूचना मिली थी आपराधिक रिकॉर्ड वाले कुछ लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा, ख़बर मिली थी कि ये लोग शेरपुर में कोई बड़ी घटना करने जा रहे हैं.
उन्होंने दावा किया, पुलिस टीम के मौक़े पर पहुँचते ही अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. उनकी एक गोली मनेर थानाध्यक्ष की वर्दी को छूते हुए निकल गई. पुलिस टीम के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाकर फायरिंग की गई.
उनका कहना है, आत्मरक्षा के लिए की गई जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी घायल हो गए. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
कार्तिकेय शर्मा ने बताया है कि घटनास्थल से तीनों अपराधियों के पास से हथियार बरामद किए गए.
तीनों मृतकों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और इनके विरुद्ध दानापुर, शाहपुर, मनेर और आसपास के थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
उन्होंने कहा, हाल ही में दुर्गा पूजा के दौरान अष्टमी के दिन मनेर थाना क्षेत्र में हुई हत्या के एक मामले में भी इनके शामिल होने की बात सामने आई थी. उस मामले में तीनों की तलाश की जी रही थी.(bbc.com/hindi)



