ताजा खबर

धान खरीदी से पहले सभी केंद्रों पर पुख्ता होंगी व्यवस्थाएं

 मोहला : धान खरीदी शुरू होने से पहले जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिला कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं।

कलेक्टर ने केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, बिजली, पेयजल, बैठक व्यवस्था, कंप्यूटर और डाटा एंट्री आपरेटरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। धान के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। उपार्जन केंद्रों तक पहुंच मार्गों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुधार कार्य समय पर पूरा कराने को कहा।

धान खरीदी के दौरान आनलाइन प्रविष्टि और तकनीकी कार्यों में त्रुटि रोकने के लिए डाटा एंट्री आपरेटरों का विशेष प्रशिक्षण कराया जाएगा। कलेक्टर ने सभी सहकारी समितियों में निगरानी समिति गठित कर खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। धान खरीदी से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा।

अवैध परिवहन रोकने बनेंगे चेकपोस्ट

अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी पर नजर रखने के लिए उड़नदस्ता दल गठित किए जाएंगे। संवेदनशील मार्गों और स्थानों को चिह्नित कर चेकपोस्ट बनाए जाएंगे। उड़नदस्ता दलों की नियमित तैनाती के साथ अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button