शुभ मुहूर्त में खूब बरसा धन हर सेक्टर में दिखा खरीददारी का उत्साह
राजनांदगांव: धनतेरस पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से लेकर देर रात तक बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही। दीपावली की खुशियों और धनतेरस पर खरीदारी की परंपरा के बीच लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार जमकर खरीदारी की। सोना-चांदी, सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, आटोमोबाइल, फर्नीचर और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए लोग परिवार सहित बाजार पहुंचे। खास बात यह रही कि महंगाई के बावजूद ग्राहकों के उत्साह में कमी नहीं दिखी और हर सेक्टर में खरीदारों की मौजूदगी ने बाजार की रौनक बढ़ा दी। बाजार में लगभग 45 करोड़ से अधिक का व्यापार हुआ। परिवारों ने अपनी जरूरत और सामर्थ्य के अनुसार छोटी-बड़ी वस्तुओं की खरीदारी की। धनतेरस के साथ ही दीपावली की तैयारियों ने भी जोर पकड़ लिया। बाजारों में उमड़ी भीड़ और विभिन्न सेक्टरों में हुई खरीदारी ने व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक बाजार में खरीदारी का यह उत्साह बना रहेगा।
धनतेरस पर सराफा बाजार में विशेष रौनक रही। सोने और चांदी के आभूषणों के साथ सिक्के और अन्य शुभ वस्तुओं की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचे। सोने में 22, 20 और 18 कैरेट के आभूषणों की मांग रही। महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार हल्के वजन की ज्वेलरी, चेन, अंगूठी, कान के आभूषण और नए डिजाइन के सेट पसंद किए। वहीं चांदी के सिक्के, पायल, बिछिया और पूजन सामग्री की भी बिक्री हुई। कई लोगों ने निवेश के उद्देश्य से सोने-चांदी की खरीदारी को प्राथमिकता दी।
पीतल और स्टील के बर्तनों की रही मांग
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते बर्तन बाजार में भी खूब चहल-पहल रही। पीतल के बर्तनों की मांग विशेष रूप से देखने को मिली। इसके अलावा स्टील, तांबा और कांसे के बर्तन भी ग्राहकों की पसंद बने। घरों में उपयोग होने वाले डिनर सेट, कुकर, कड़ाही, थाली, गिलास, कटोरी और पूजा के बर्तनों की जमकर खरीदारी हुई। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग रेंज और डिजाइन के बर्तन सजाकर रखे थे।
इलेक्ट्रानिक्स बाजार में आफरों की धूम
दीपावली और धनतेरस को देखते हुए इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी रौनक रही। एलईडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी, माइक्रोवेव और अन्य घरेलू उपकरणों की दुकानों पर ग्राहक पहुंचे। कंपनियों और दुकानदारों की ओर से दिए जा रहे आकर्षक ऑफर, छूट और उपहारों ने ग्राहकों को आकर्षित किया। कई परिवारों ने पुराने उपकरणों की जगह नए उत्पाद खरीदने में रुचि दिखाई। मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की दुकानों पर भी अच्छी चहल-पहल रही।
आटोमोबाइल सेक्टर में नई गाड़ियों की बुकिंग और डिलीवरी
धनतेरस पर वाहन खरीदना शुभ माना जाता है। यही वजह रही कि दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम में ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। लोगों ने बाइक, स्कूटर और कार की खरीदारी के साथ पहले से बुक कराए गए वाहनों की डिलीवरी भी ली। शोरूम में नए माडल और आकर्षक रंगों के वाहनों को देखने के लिए भी ग्राहक पहुंचे। त्योहारी सीजन में नए कपड़े खरीदने की परंपरा के चलते कपड़ा बाजार में भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए रेडीमेड कपड़े, साड़ी, सूट और अन्य परिधानों की खरीदारी हुई। वहीं फर्नीचर बाजार में सोफा, पलंग, डाइनिंग टेबल और अन्य घरेलू सामानों की मांग रही। दीपावली की सजावट के लिए आकर्षक लाइटिंग, झालर, सजावटी सामान, पूजा सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
