ताजा खबर

535 बिस्तरों के अस्पताल में भी नहीं बर्न यूनिट झुलसे तो भिलाई रायपुर ही सहारा

राजनांदगांव: 535 बिस्तरों वाले मेडिकल कालेज अस्पताल (एमसीएच) और जिला अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं है। दीवाली जैसे पर्व में आगजनी या पटाखों से झुलसने जैसे मामलों में मरीजों को स्थानीय स्तर पर सिर्फ प्राथमिक उपचार ही उपलब्ध होता है। झुलसने के अधिकतर मामलों में मरीजों को भिलाई या रायपुर रेफर किया जाना ही इन अस्पतालों के पास मौजूद आखिरी विकल्प है। इन चिकित्सा संस्थानों के पास झुलसने वाले मरीजों के लिए उपचार के समुचित संसाधन भी उपलब्ध नहीं है।

जिले में जलने-झुलसने वाले मरीजों के लिए उपचार की उपलब्धता अब तक सुनिश्चित नहीं की जा सकी है। विशेषज्ञ चिकित्सक, प्लास्टिक सर्जन और अन्य स्वास्थ्यकर्मी की कमी के अतिरिक्त अन्य आवश्यक संसाधन भी नहीं है। इन मामलों के मरीजों का उपचार सर्जरी वार्ड के भरोसे है। संबंधित चिकित्सक उपलब्ध न होने के चलते सर्जन ही प्रारंभिक उपचार के बाद मरीजों को रेफर कर देते हैं। दर्द में कराहते मरीजों को 40 से 80 किमी दूर तक जिंदगी से जूझना पड़ता है।

एमसीएच में अलग से वार्ड, लेकिन संचालित नहीं

पेंड्री स्थित मेडिकल कालेज अस्पताल में बर्न यूनिट के लिए एक अलग वार्ड तैयार किया गया था लेकिन यह कभी शुरु ही नहीं हो सका। प्लास्टिक सर्जन, बर्न विशेषज्ञ की नियुक्तियां न होने और उपकरणों व संसाधनों की कमी भी इसमें रोड़ा बनी हुई है। प्रबंधन के मुताबिक कई बार इस यूनिट के संचालन के लिए चिकित्सकों की नियुक्ति और उपकरणों की मांग की गई लेकिन स्वीकृति नहीं मिली।

जिला अस्पताल में चार बिस्तर, पांच चिकित्सकों की ड्यूटी

सिविल सर्जन डा महेंद्र प्रसाद के अनुसार, जिला अस्पताल में पुरुष और महिला वार्ड में दो-दो बिस्तरों का बर्न यूनिट है। दीवाली को देखते हुए यहां पांच चिकित्सकों को रोस्टर पर ड्यूटी सौंपी गई है। लेकिन यहां भी विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं है। गंभीर मामलों को आगे रेफर करना ही विकल्प होता है।

चार दमकल, एक मिनीफायर के साथ 25 तैनात

आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए भी दमकल वाहन के साथ 25 कर्मियों का बल तैनात है। घटनाओं से निपटने चार वाहन मौजूद हैं। इसके अलावा एक मिनी फायर वाहन भी है जो तंग गलियों में भी भीतर पहुंच सकता है। हालांकि दमकल में नियमित और प्रशिक्षित कर्मचारियों की संख्या नहीं के बराबर है। नगर सेना जिला सेनानी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, दमकल के लिए कुल 30 नियमित कर्मियों की आवश्यकता है। लेकिन वर्तमान में यहां सिर्फ पांच नियमित कर्मचारी ही उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त नगर सैनिक और प्लेसमेंट कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button