छत्तीसगढ़

20 साल पुराने रिश्वत प्रकरण में ईई एवं एसडीओ के विरुद्ध एसीबी ने पेश किया चालान

विद्युतीकरण कार्यों का ले-आउट देने एवं लंबित बिलों के भुगतान के एवज में मांगी गई थी 5 हजार रुपये की रिश्वत।

ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि लेकर कार से फरार हुआ था एसडीओ।

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 10नवंबर । एंटी करप्शन ब्यूरो ने 20 साल पुराने रिश्वत मामले में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कोंडागांव के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा एवं तत्कालीन प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी मुजीब मोहम्मद शाह के विरुद्ध विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, कोंडागांव में चालान पेश किया है।

प्रकरण में शिकायतकर्ता हेमेश कुमार गांधी को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग से आश्रम भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं बालक छात्रावास के विद्युतीकरण कार्य प्राप्त हुए थे। इन कार्यों का ले-आउट उपलब्ध कराने एवं लंबित बिलों के भुगतान के एवज में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता द्वारा दिनांक 08.12.2006 को एसीबी में शिकायत की गई थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद 14 दिसंबर 06 को एसीबी द्वारा ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा के कहने पर एसडीओ मुजीब मोहम्मद शाह ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत प्राप्त की और अपनी कार से फरार हो गया। एसीबी टीम द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर उसने टीम के सदस्यों को कार से टक्कर मारने का प्रयास किया, जिसमें एक अधिकारी घायल हुआ। बाद में ग्राम बोलबोला के पास आरोपी द्वारा फेंकी गई रिश्वत की पूरी राशि बरामद की गई। कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा के शासकीय निवास की तलाशी में भी 6,30,200 रुपये नकद जब्त किए गए थे।

विवेचना के दौरान रिश्वत मांगने एवं लेन-देन की रिकॉर्डिंग, पंच साक्षियों के कथन, जब्त राशि, संबंधित दस्तावेज तथा सकारात्मक एफएसएल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य संकलित किए गए।

विवेचना में दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर धारा 7, 13(1)(डी), 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 एवं धारा 201, 34 भादवि के अंतर्गत चालान प्रस्तुत किया गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button