कोरबा में धान खरीदी के लिए शुरू हुआ ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’, पहले दिन 53.60 क्विंटल के टोकन जारी
कोरबा, 10 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को धान बेचने के लिए अब समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने किसानों की सुविधा के लिए ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ शुरू किया है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे समितियों में टोकन कटवाने के लिए लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी।
यह मोबाइल एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। किसान https://play.google.com/store/apps/details?id=com.nic.kisaan लिंक के माध्यम से भी इसे डाउनलोड कर सकते हैं। एप पर सबसे पहले आधार आधारित ओटीपी के जरिए पंजीयन करना होगा। पंजीयन पूरा होने के बाद किसान धान विक्रय के लिए टोकन हेतु आवेदन कर सकेंगे।
कोरबा जिले में एप के माध्यम से पहले ही दिन कुल 53.60 क्विंटल धान विक्रय के टोकन जारी किए गए। इसमें छूरी उपार्जन केंद्र से 12 क्विंटल और श्यांग समिति से 41.60 क्विंटल धान के टोकन शामिल हैं।
धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने और अवैध धान की आवक पर रोक लगाने के लिए जिले में प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां की गई हैं। जिले के सभी 73 धान उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि सभी 60 समितियों में स्थानीय निगरानी समितियों का गठन किया गया है।
इसके अलावा जिला कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है, जिसका नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर को बनाया गया है। दूसरे जिलों से धान की आवक रोकने के लिए 9 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। यहां तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगरानी और कार्रवाई के लिए एक जिला स्तरीय तथा 12 तहसील स्तरीय फ्लाइंग स्क्वॉड भी गठित किए गए हैं।
इस नई व्यवस्था से किसानों को घर बैठे टोकन मिलने के साथ धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता आने की उम्मीद है।



