क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल का अदालत में सरेंडर

समर्थकों ने कीपरिसर के बाहर नारेबाजी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को रायपुर अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। बताया गया कि तीन महीने की अग्रिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद बघेल खुद अदालत पहुंचे और समर्पण किया। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई और जमकर नारेबाजी की गई।
आज अमित बघेल के आत्मसमर्पण की खबर मिलते ही अदालत परिसर के बाहर क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा शुरू हो गया था। बघेल के पहुंचते ही समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और समर्थन में जमकर नारे लगाए।
जेल जाने से पहले बघेल के समर्थकों और संगठन के पदाधिकारियों ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी दिया। क्रांति सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्हें राज्य के पक्ष या विपक्ष, किसी भी राजनीतिक दल से कोई उम्मीद नहीं है। संगठन अपने मुद्दों पर लड़ाई खुद लड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल बीते तीन महीनों से न्यायालय से मिली अग्रिम जमानत पर बाहर थे। जमानत अवधि समाप्त होने और मामले की अगली कानूनी प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अदालत के समक्ष समर्पण करने का फैसला किया।



