ताजा खबर

खरीदी 15 से आनलाइन टोकन वितरण शुरू

राजनांदगांव : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों की टोकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार से आनलाइन टोकन वितरण शुरू होने के साथ ही किसानों की सक्रियता बढ़ने लगी है। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए खरीदी केंद्र और तारीख के अनुसार टोकन प्राप्त करना होगा। इस बार टोकन वितरण में भी बदलाव किया गया है।

किसानों की भूमि के रकबे के आधार पर टोकन जारी किए जाएंगे। दो एकड़ से कम भूमि वाले लघु एवं सीमांत किसानों को एक टोकन, दो से दस एकड़ तक के किसानों को दो टोकन और दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन दिए जाएंगे। राजनांदगांव जिले में इस वर्ष 70.95 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 122 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 26 नए केंद्र शामिल हैं। नए केंद्रों के शुरू होने से किसानों को उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

 रविवार से शुरु होगी खरीदी

शासन की नीति के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक होगी। 15 नवंबर को रविवार है लेकिन फिर भी खरीदी इसी दिन से शुरु की जाएगी। किसानों से धान की खरीदी निर्धारित समर्थन मूल्य पर की जाएगी। केंद्र सरकार ने सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसानों को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप धान लाना होगा। केंद्रों पर धान की नमी और गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

टोकन के लिए पंजीयन और रकबे का मिलान जरूरी

इस बार खरीदी व्यवस्था में आनलाइन प्रक्रिया के साथ किसान पंजीयन और भूमि संबंधी अभिलेखों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया है। किसानों के पंजीयन, रकबे और बैंक खाते से संबंधित जानकारी सही होना जरूरी है। शासन की नीति में किसान पंजीयन को एग्रीस्टैक और डिजिटल अभिलेखों से जोड़ने तथा आधार आधारित प्रमाणीकरण की व्यवस्था पर जोर दिया गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button