छत्तीसगढ़ के सातवीं के छात्र ने बनाया स्मार्ट चश्मा, नींद आते ही बजेगा अलार्म और छूटेगा पानी का फव्वारा
खैरागढ़, 26 नवंबर 2026।सड़क हादसों को रोकने और वाहन चालकों को नींद के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचाने के लिए खैरागढ़ के सातवीं कक्षा के एक छात्र ने अनोखा स्मार्ट चश्मा तैयार किया है। इस चश्मे की खासियत है कि चालक को नींद की झपकी आते ही सेंसर सक्रिय हो जाएगा और अलार्म बजाकर उसे सतर्क करेगा। यदि इसके बाद भी चालक नहीं जागता, तो चश्मे में लगे सिस्टम से पानी का फव्वारा निकलेगा, जिससे चालक तुरंत जाग सकेगा। छात्र के इस नवाचार को जिला स्तर पर पहला और संभाग स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। अब इस मॉडल का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दबका में कक्षा सातवीं के छात्र डीगेन्द्र सिन्हा ने इस स्मार्ट चश्मे को तैयार किया है। उन्होंने दुर्ग में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में अपने मॉडल का प्रदर्शन किया। सड़क सुरक्षा की दिशा में उपयोगी इस नवाचार को निर्णायकों ने सराहा और इसे प्रतियोगिता में बेहतर स्थान मिला।
इस स्मार्ट चश्मे में सेंसर तकनीक का उपयोग किया गया है। वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आने पर सेंसर अलार्म बजाना शुरू कर देता है। इसके बावजूद चालक सतर्क नहीं होता, तो चश्मे में लगे सिस्टम से पानी का फव्वारा छोड़ने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य चालक को तुरंत नींद से जगाकर संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।
इस मॉडल को शिक्षक अजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। स्कूल के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़ा एक अन्य मॉडल भी बनाया है। इसमें बाइक चालक के हेलमेट नहीं पहनने पर अलार्म के माध्यम से उसे सतर्क करने की व्यवस्था की गई है।
छात्र डीगेन्द्र सिन्हा का यह नवाचार कम उम्र में वैज्ञानिक सोच और सामाजिक समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से स्कूल और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



