ट्रंप ने क्यों कहा ईरान पर दोबारा हमला करने से हिचकिचाऊंगा नहीं?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर उन्हें लगा कि ईरान में हालात ग़लत दिशा में जा रहे हैं, तो वह दोबारा सैन्य कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे.
उन्होंने कहा कि ऐसा करने में उन्हें कोई हिचकिचाहट नहीं होगी. ट्रंप ने गुरुवार को सेलम न्यूज़ नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में ईरान के ख़िलाफ़ दोबारा सैन्य कार्रवाई की संभावना पर यह बात कही.
उन्होंने कहा, अगर मुझे लगा कि हालात विपरीत दिशा में जा रहे हैं तो मैं ऐसा करूंगा. हो सकता है कि मैं अभी भी ऐसा कर दूं. मुझे इसमें कोई हिचकिचाहट नहीं होगी.
जब ट्रंप से पूछा गया कि अगर वह व्हाइट हाउस छोड़ने तक ईरान की मौजूदा सरकार सत्ता में बनी रहती है तो क्या इसे उनकी हार माना जाएगा? इस पर उन्होंने कहा, हां, यह हार होगी. निश्चित रूप से.
सेलम न्यूज़ के पत्रकार ह्यू हेविट ने ट्रंप से पूछा कि अगर ईरान किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी की हत्या कर देता है तो वॉशिंगटन की क्या प्रतिक्रिया होगी?
इस पर ट्रंप ने कहा, ऐसी स्थिति में उनका कुछ भी नहीं बचेगा.(bbc.com/hindi)



