छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: ड्राइवर महासंगठन का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू, हड़ताल से खनिज का परिवहन ठप, यात्री होते रहे परेशान, चक्काजाम का अल्टीमेटम

रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी से 2 दिन पहले छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू हो गया है। ड्राइवर आयोग, वेलफेयर बोर्ड और सुरक्षा कानून बनाने की मांग को लेकर ड्राइवरों ने स्टीयरिंग छोड़ दी है। जो ड्राइवर हड़ताल में शामिल नहीं हो रहे, उनके विरोध और पुलिस से धक्का-मुक्की की भी खबरें हैं। दंतेवाड़ा में लौह अयस्क का परिवहन ठप हो गया है। महासमुंद में यात्री परेशान होते रहे। जगदलपुर में हड़ताली ड्राइवरों ने जगह-जगह गाड़ियों को रोका। भिलाई में प्रशासन ने ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

धमतरी: पुलिस से बहस के बाद धक्का-मुक्की

मुख्यालय से 8 किमी दूर धमतरी-बालोद सीमा स्थित चिटौद में प्रदर्शन के पहले दिन गुरुवार को चालकों ने सड़क से गुजरने वाली बसों और मालवाहक वाहनों को रोककर चालकों को हड़ताल की जानकारी दी। उनसे समर्थन मांगते हुए स्टीयरिंग छोड़ने को कहा। इस दौरान व्यवस्था बनाने और शांतिपूर्वक आंदोलन करने की समझाइश देने पहुंची पुलिस से प्रदर्शनकारियों की तीखी बहस हुई। धक्का-मुक्की भी हो गई। पुलिस ने जब भीड़ को सड़क से हटाने का प्रयास किया, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि बाद में समझाइश के बाद वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई। आंदोलनकारियों ने 13 नवंबर यानी आज रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चिटौद के पास चक्काजाम करने का अल्टीमेटम दिया है।

जगदलपुर: ओडिशा जा रहे वाहनों को भी रोका

ड्राइवर संगठनों ने गुरुवार को बस्तर संभाग में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ड्राइवरों ने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर कई स्थानों पर यात्री बसों और मालवाहक ट्रकों को रोक दिया। इससे संभाग भर में माल परिवहन और यात्री आवागमन पर सीधा असर पड़ा और कई रूटों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आंदोलन को संभाग के सबसे बड़े ट्रांसपोर्ट संगठन बस्तर परिवहन संघ का भी एक दिन का नैतिक और व्यावहारिक समर्थन मिला। प्रदर्शन के दौरान जगदलपुर से रायपुर, सुकमा, बीजापुर और ओडिशा की ओर जाने वाले मार्गों पर कई जगह प्रदर्शनकारी चालकों ने ट्रकों और बसों को रोककर अपनी एकजुटता दिखाई। हालांकि, आवश्यक सेवाओं और एंबुलेंस को पूरी तरह मुक्त रखा गया।

महासमुंद: बसों के पहिए थमे, यात्री परेशान

दीपावली पर बस चालकों के छुट्टी पर जाने से पहले ही यात्रियों को आवागमन में परेशानी हुई थी। अब 12 नवंबर से शुरू हुई ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने मुश्किलें और बढ़ा दीं। गुरुवार को दिनभर बसों के पहिए थमे रहे और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ा। महासमुंद जिला मुख्यालय से रोजाना अलग-अलग मार्गों पर 100 से अधिक बसें चलती हैं। इनके जरिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 5 हजार से अधिक यात्री रोजाना सफर करते हैं। इनमें नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और गांवों से जिला मुख्यालय आने वालों की बड़ी संख्या है। बसों का संचालन बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी आसपास के गांवों और छोटे कस्बों के यात्रियों को हुई।

दंतेवाड़ा: लौह अयस्क परिवहन ठप, बसें भी खड़ी रहीं

हड़ताल के चलते सड़क मार्ग से होने वाला लौह अयस्क परिवहन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जिले से रोजाना करीब 400 ट्रकों के जरिए लौह अयस्क प्रदेश के शहरों और दूसरे स्थानों तक पहुंचाया जाता है, लेकिन हड़ताल के कारण इन ट्रकों के पहिए थम गए हैं। इसका असर खनिज परिवहन से जुड़े कारोबार पर पड़ने लगा है। हड़ताल का असर केवल खनिज परिवहन तक सीमित नहीं रहा। दीपावली की छुट्टियों के बाद गुरुवार को ही निजी स्कूल खुलने थे, लेकिन हड़ताल के कारण कई निजी स्कूलों को छुट्टी घोषित करनी पड़ी।

भिलाई: पुलिस कंट्रोल रूम में हुई संयुक्त बैठक

पुलिस कंट्रोल रूम में ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों और जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। अधिकारियों ने कहा कि जायज मुद्दों को शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए पहल की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में कानून व्यवस्था और शांति भंग नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों ने संगठन को समझाइश दी कि धरना-प्रदर्शन केवल सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त स्थान पर ही हों और विधिवत अनुमति मिलने के बाद ही किसी कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल से हुई। संगठन के प्रतिनिधियों ने इन बिंदुओं पर सहमति जताई और अपनी मांगें शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से रखने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button