किरंदुल में छठ महापर्व की भव्य तैयारी, श्रद्धा और उत्साह का माहौल
किरंदुल : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूरे किरंदुल में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। उत्तर प्रदेश बिहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिषद, किरंदुल के तत्वावधान में इस वर्ष भी छठ महापर्व पूरी भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्री राघव मंदिर परिसर स्थित छठ घाट एवं यूपी बिहार भवन, फुटबॉल ग्राउंड कॉम्प्लेक्स को रंग-बिरंगी लाइटों, फूल-मालाओं और तोरणों से सजाया जा रहा है। घाटों की साफ-सफाई, जल भराव, विद्युत रोशनी और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है।
संध्या अर्घ्य के दौरान व्रती घाट के जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे, वहीं उषा अर्घ्य में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न करेंगे।
व्रतियों की सुविधा हेतु घाट पर पेयजल, प्रकाश, प्राथमिक चिकित्सा और स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई है।
परिषद ने नगरवासियों से अपील की है कि घाट पर स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक का उपयोग न करें, व्रतियों को सहयोग दें तथा यातायात व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें।
विभिन्न समाजों के लोगों की सहभागिता से किरंदुल में एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिल रही है।
– उत्तर प्रदेश बिहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिषद, किरंदुल, अध्यक्ष – रविन्द्र सोनी।
