शास. उमावि खुरसुला में उत्साहपूर्वक मनाया गया बाल दिवस
बिलाईगढ़ : शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरसुला, विकासखंड -बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की जन्म जयंती के अवसर पर 14 नवंबर को बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू डडसेना, उपाध्यक्ष शाला विकास समिति, अनसुइया डडसेना, अंजू नागेश एवं संस्था प्राचार्य हरेंद्र कुमार शांडिल्य द्वारा विद्या की देवी माँ सरस्वती की छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं शारीरिक विकास तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रश्नमंच, अंत्याक्षरी , कुर्सी दौड़ एवं जलेबी दौड़ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों एवं विद्यालय के समस्त छात्र छात्राओं को पेन देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पं. जवाहरलाल नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे, जिसके कारण बच्चे उन्हें प्रेमपूर्वक ‘चाचा नेहरू’ कहते थे। बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, प्रतिभा एवं सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है। बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके बेहतर शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।बच्चों के प्रसाद हेतु खीर पुड़ी वितरण किया गया।कार्यक्रम में श्यामलाल नवरत्न, देवेंद्र कुमार राकेश, सालिक राम साहू, मदनलाल तोमर, सुरेश कुमार रात्रे, सोहन लाल डडसेना, रामेश्वर प्रसाद पटेल, रामचंद पटेल, घनश्याम नागेश, कुसुमलता ठाकुर एवं गेवरचंद डडसेना सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य उपस्थित रहे।

