विद्यार्थियों का टोटा कालेजों पर समायोजन का खतरा
राजनांदगांव: राजनांदगांवथ सरकारी कालेज खोलने के बाद भी यदि उनमें पढ़ने वाले विद्यार्थी नहीं मिल रहे हैं तो ऐसे संस्थानों के संचालन पर अब सवाल उठने लगे हैं। कम प्रवेश वाले सरकारी कालेजों को नजदीकी सरकारी कालेजों में समायोजित करने की तैयारी की जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग ने इन कालेजों की स्थिति का दोबारा आकलन शुरू कर दिया है। इसके लिए कालेजों से विद्यार्थियों की संख्या के साथ ही उनके आसपास संचालित हायर सेकेंडरी स्कूलों और वहां से हर साल 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों की जानकारी मांगी गई है। राजनांदगांव जिले के सोमनी, अर्जुनी, मोहला मानपुर-चौकी के चिल्हाटी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ठेलकाडीह, जालबांधा में नये कालेज खोले गए हैं। जिसमें सबसे खराब स्थिति जालबांधा कालेज की है, जहां मुश्किल से 220-230 विद्यार्थी हैं।
सीटें नहीं भर पाइ रहीं
विभाग के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि कई कालेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के तीनों संकायों में 90-90 सीटें आवंटित होने के बावजूद प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम है। इसके बावजूद शासन की ओर से इन कॉलेजों में नियमित स्टाफ की भर्ती की गई है। वहीं नियमित प्राध्यापकों की कमी वाले विषयों में संविदा शिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है। गणित जैसे विषयों में भी विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम होने के बावजूद शिक्षकों की पदस्थापना की गई है।
आसपास के स्कूलों से जुटा रहे ब्यौरा
उच्च शिक्षा संचालनालय ने हाल के वर्षों में शुरू किए गए की सूची जारी कर चालू सत्र की जानकारी मांगी है। विभाग यह पता लगा रहा है कि कालेज वर्तमान में किस स्थान पर संचालित हैं और उनके आसपास कितने हायर सेकेंडरी स्कूल हैं। इन स्कूलों से प्रतिवर्ष कितने विद्यार्थी 12वीं उत्तीर्ण होते हैं, इसका भी आंकड़ा जुटाया जा रहा है। यदि कम प्रवेश की स्थिति आगे भी बनी रहती है तो संबंधित कालेजों को नजदीकी सरकारी कॉलेजों में समायोजित किया जा सकता है।
लंबे समय से नैक ग्रेडिंग भी नहीं
नवीन कालेजों का लंबे समय से नैक ग्रेडिंग भी नहीं हो पाया है। इसके लिए कालेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। ज्यादातर जगहों में नवीन कालेज स्कूल भवन में संचालित हो रहे हैं, जहां बैठक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। नैक मूल्यांकन की टीम भी नहीं पहुंच पाई है। खासकर परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

