छत्तीसगढ़

विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू गिरफ्तारी पर ईओडब्ल्यू का पूरा बयान पढ़ें

*₹3,000 करोड़ से अधिक के शराब घोटाले में चार साल से फरार

* शराब सिंडिकेट में समन्वय की मुख्य कड़ी था सुब्बू।

* पार्ट-बी शराब के उत्पादन से लेकर शासकीय दुकानों तक उसकी आपूर्ति के लिए डिस्टिलरों, आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों से समन्वय करता था सुब्बू।

* खाली बोतलों की व्यवस्था और डिस्टिलरीवार उनके सप्लायर तय करने में भी थी उसकी भूमिका। गाड़ियों और रकम के हिसाब से जुड़ी अनवर ढेबर और सुब्बू की मिलीं हैं व्हाट्सऐप चैट।

* 15 जिलों से पार्ट-बी शराब की बिक्री की रकम और कमीशन वसूलने की जिम्मेदारी थी सुब्बू के पास। वसूली और बकाया का हिसाब सिंडिकेट के सदस्यों को देता था।

* नई आबकारी नीति में विदेशी शराब की आपूर्ति का लाइसेंस वितरण तथा कमीशन निर्धारण में भी थी सुब्बू की भूमिका।

* हवाला के जरिए देश के अलग-अलग शहरों में घोटाले की करोड़ों की रकम भिजवाने में भी थी सुब्बू की भूमिका।

* दुबई में फरारी में चालान किये गये आरोपी खंजन ठक्कर (हवाला कारोबारी) से खुद प्राप्त करता था हवाले की रकम।

* करीब चार साल से फरार था सुब्बू। शराब घोटाले से जुड़े मामलों में ईडी और ईओडब्ल्यू दोनों कर रही थी उसकी तलाश।

* ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर इंटरपोल ने अगस्त 2026 में जारी किया था रेड कॉर्नर नोटिस। इसी नोटिस के आधार पर एनसीबी, अबूधाबी ने सुब्बू को हिरासत में लेकर छत्तीसगढ़ ईओडब्ल्यू की टीम को सौंपा।

* दुबई से भारत लाने के बाद ईओडब्ल्यू ने 27 नवंबर की देर रात सुब्बू को गैर-जमानती वारंट पर विशेष न्यायालय, रायपुर में किया गया था पेश।

* न्यायालय की अनुमति से सुब्बू को किया गया गिरफ्तार। पूछताछ के लिए 30 नवंबर 2026 तक लिया गया पुलिस रिमांड।

* प्रकरण में व्यक्तियों, फर्मों और कंपनियों सहित कुल 97 आरोपियों के विरुद्ध अब तक 10 चालान किया जा चुका है पेश।

राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो / एन्टी करप्शन ब्यूरो, रायपुर ने शराब घोटाला प्रकरण में करीब चार साल से फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दुबई से भारत लाने के बाद ईओडब्ल्यू ने दिनांक 27.11.2026 को देर रात गैर-जमानती वारंट की तामील के लिए उसे विशेष न्यायालय, रायपुर में पेश किया। न्यायालय की अनुमति मिलने पर ईओडब्ल्यू ने सुब्बू को वहीं गिरफ्तार किया। न्यायालय ने पूछताछ के लिए दिनांक 30.11.2026 तक उसकी पुलिस रिमांड मंजूर की है।

शराब घोटाले में कार्रवाई शुरू होने के बाद सुब्बू अक्टूबर 2022 के आसपास अपने परिवार के साथ दुबई फरार हो गया था। ईओडब्ल्यू, रायपुर ने दिनांक 17.01.2024 को अपराध क्रमांक 04/2024 पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान सुब्बू को पूछताछ के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। नवंबर 2024 में उसके विरुद्ध फरारी में पूरक चालान पेश किया गया। विशेष न्यायालय, रायपुर ने दिनांक 13.02.2025 को उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया। इसके बाद ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर इंटरपोल ने अगस्त 2026 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसी नोटिस के आधार पर एनसीबी दुबई ने सुब्बू को हिरासत में लेकर ईओडब्ल्यू की टीम को सौंपा।

प्रकरण की विवेचना में पाया गया कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी। इसे पार्ट-बी शराब कहा जाता था। इस शराब की बोतलों पर डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर शासकीय शराब दुकानों से बिक्री की जाती थी। बिक्री शासकीय अभिलेखों में दर्ज नहीं होती थी और इसकी नकद रकम अलग रखी जाती थी।

डिस्टिलरियों से नियमित आपूर्ति पर प्रति पेटी पार्ट-ए कमीशन और आपूर्ति क्षेत्र अथवा बाजार में हिस्सेदारी तय करने के एवज में पार्ट-सी कमीशन वसूला जाता था। विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से एफएल कमीशन और शासकीय शराब दुकानों के लिए कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों से मैनपावर तथा ओव्हर टाइम कमीशन भी वसूला जाता था। इस अवधि में पार्ट-बी शराब की बिक्री और इन मदों की वसूली से प्राप्त 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी संभालने में सुब्बू की महत्वपूर्ण भूमिका पाई गई है।

विवेचना में यह भी सामने आया कि अनवर ढेबर ने सुब्बू को पार्ट-बी शराब के उत्पादन के लिए डिस्टिलरियों में अपने लोग लगाने की जिम्मेदारी भी दी थी। उत्पादन के लिए सुब्बू डिस्टिलरी संचालकों से समन्वय करता था। पार्ट-बी शराब के लिए खाली बोतलों की व्यवस्था सुब्बू करता था। किस डिस्टिलरी को कौन-सा सप्लायर खाली बोतलें देगा, यह तय करने में भी उसकी भूमिका थी। नकली होलोग्राम दिल्ली से रायपुर मँगाने और वहाँ से डिस्टिलरियों तक पहुँचाने का काम वह अमित सिंह के साथ मिलकर करता था। डिस्टिलरी से गाड़ी रवाना होने से लेकर शासकीय दुकान पर शराब की खेप पहुँचने तक वह आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के संपर्क में रहता था।

किस डिस्टिलरी से किस जिले के लिए कितनी गाड़ियाँ निकलीं, उनकी बिक्री की कितनी रकम मिली और कितनी बाकी थी, इसका हिसाब सुब्बू अनवर ढेबर को भेजता था। विवेचना में सुब्बू और अनवर ढेबर के बीच हुई व्हाट्सऐप चैट में गाड़ियों और रकम का यह हिसाब मिला है।

15 जिलों की शासकीय शराब दुकानों से पार्ट-बी की बिक्री की नकदी सुब्बू के सहयोगी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। वहाँ रकम की गिनती के बाद उसे अनवर ढेबर के बताए लोगों तक पहुँचाया जाता था। पार्ट-बी शराब की बिक्री पर सुब्बू को प्रति पेटी 50 रुपये कमीशन मिलता था। अलग-अलग मदों में कमीशन वसूलने, उसका हिसाब रखने और सिंडिकेट के सदस्यों को वसूली तथा बकाया की जानकारी देने के साथ-साथ सिंडिकेट के लिए घोटाले की रकम के निवेश का काम भी वही करता था।

विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से भी सुब्बू कमीशन वसूलता था। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद विदेशी शराब की आपूर्ति का लाइसेंस किन लोगों को दिलाया जाए, उनसे किस अनुपात में कमीशन लिया जाए और उसकी वसूली कैसे हो, यह तय करने में भी उसकी भूमिका पाई गई है।

सिंडिकेट के कहने पर सुब्बू ने अपने परिचित हवाला कारोबारियों सुमित मालू और रवि बजाज के माध्यम से घोटाले की रकम देश के अलग-अलग शहरों में भिजवाई। अनवर ढेबर के कहने पर भारत से हवाला के जरिए दुबई भेजे गए करोड़ों रुपये के भुगतान के लिए सुब्बू, ईओडब्ल्यू द्वारा फरारी में चालान किये गये आरोपी खंजन ठक्कर (वर्तमान में यूएई के जेल में निरुद्ध) के संपर्क में था। दुबई में यह रकम सुब्बू ने खुद प्राप्त की।

सुब्बू पहले से बुलियन कारोबार से जुड़ा था। विवेचना में सामने आया है कि उसने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से घोटाले की रकम से अनवर ढेबर के लिए सोना और चाँदी खरीदवाए। अब तक अनवर ढेबर के लिए 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने की जानकारी मिली है।

सुब्बू से पूछताछ में शराब घोटाले से जुड़े नए खुलासे और सिंडिकेट के निवेश की जानकारी प्राप्त होने की पूरी संभावना है।

अन्य फरार आरोपियों के संबंध में भी ईओडब्ल्यू द्वारा विधिसम्मत कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

प्रकरण की विवेचना जारी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button