जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए रायपुर में जुटे सामाजिक कार्यकर्ता

कॉरपोरेट परियोजनाओं के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रायपुर के आशीर्वाद भवन में छत्तीसगढ़ के जल, जंगल, जमीन और वन्यजीवों की रक्षा को लेकर एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें विस्थापन, खनन परियोजनाओं और औद्योगिक गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों के मुद्दे उठाए गए। सम्मेलन के बाद आशीर्वाद भवन से अंबेडकर चौक तक रैली निकाली गई।
तमनार की गारे-पेलमा-1 कोयला खदान के विरोध में चल रहे आंदोलन का उल्लेख करते हुए कान्ही पटेल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जंगल और जमीन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सार्वजनिक सुनवाई में कथित गड़बड़ियों और आदिवासी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों का मुद्दा उठाया।
हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति के मुनेश्वर पोर्ते ने कहा कि क्षेत्र के जंगलों को बचाने के लिए पिछले दस वर्षों से संघर्ष जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामसभा की कार्यवाही में गड़बड़ी सामने आने के बावजूद पेड़ों की कटाई जारी है। खदानों के विस्तार से हाथियों के आवागमन का रास्ता प्रभावित होने और ग्रामीणों में दहशत की स्थिति बनने की बात भी कही।
अल्दा गांव के टेकराम साहू ने आरोप लगाया कि कंपनी को प्रवेश दिलाने के लिए ग्रामसभा का फर्जी प्रस्ताव तैयार किया गया था। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी सामने आने के बावजूद परियोजना की अनुमति निरस्त नहीं की गई।
कलादास डहरिया ने भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन की ओर से 4,000 सफाई कर्मचारियों को जारी किए गए बेदखली नोटिस का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी करीब 60 वर्षों से वहां रह रहे हैं।
पेंड्रावन जलाशय किसान संघर्ष समिति के घनश्याम वर्मा ने आरोप लगाया कि जलाशय के जलग्रहण क्षेत्र में अल्ट्राटेक की 1,722 एकड़ की खनन परियोजना के लिए दोबारा अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया गया है। इस क्षेत्र के 16 गांव परियोजना का विरोध कर रहे हैं।
गोपाल वाजपेयी ने रायपुर के नजदीक स्थित टूटू क्षेत्र में जंगलों और पहाड़ियों की खुदाई पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक संसाधनों के विनाश को विकास का नाम दिया जा रहा है।
अमिताभ मिश्रा ने बेमेतरा में एथेनॉल संयंत्रों को अनुमति देने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंचों पर दबाव बनाकर अनापत्ति प्रमाणपत्र लिए गए। शिवनाथ नदी में पर्याप्त जल उपलब्धता नहीं होने के बावजूद 10 संयंत्रों को अनुमति देने और विरोध करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने का मुद्दा भी उठाया।
वक्ताओं ने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रकृति मनुष्य की जरूरतें पूरी कर सकती है, लेकिन लालच नहीं। प्रदेश किसान संघ के सुदेश टेकाम, प्रथमेश मिश्रा, वीरेंद्र पांडेय, डॉ. सत्यजीत साहू, पंकज शर्मा, प्रियंका शुक्ला, विजय भाई और आलोक शुक्ला सहित अन्य वक्ताओं ने किसानों और वन क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों को एक मंच पर लाने की जरूरत बताई।
सम्मेलन में संभाग स्तर पर टीमें गठित कर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। आयोजकों ने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े सभी संघर्षों को साझा मंच पर लाया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न शहरों में सम्मेलन और प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
