पटवारी हड़ताल को फेडरेशन का साथ समर्थन में कल निकालेंगे रैली
राजनांदगांव: लगभग माहभर से जारी पटवारी हड़ताल को छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का साथ मिलने जा रहा है। इसके समर्थन में फेडरेशन 18 नवंबर को रैली निकालने जा रहा है। इसे आक्रोश रैली का नाम दिया गया है। रैली में लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते को देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की भी मांग उठाई जाएगी।
प्रदेश फेडरेशन के निर्णयानुसार पटवारी संघ के आंदोलन को समर्थन देने तथा शासकीय सेवकों के लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते को देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग को लेकर बुधवार को प्रदेश के समस्त जिला व ब्लाक मुख्यालयों में आक्रोश रैली आयोजित की जाएगी। यह रैली ओवर ब्रिज के नीचे कलेक्ट्रेट के सामने से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक रैली होगी।
इसके लिए सभी जिला व ब्लाक अध्यक्षों के साथ संयोजकों और फेडरेशन से जुड़े समस्त विभागों के पदाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। इस आंदोलन के माध्यम से पटवारी साथियों के विरुद्ध की जा रही दंडात्मक कार्रवाइयों का विरोध करते हुए उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण करने तथा लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग शासन के समक्ष रखी जाएगी। रैली के उपरांत कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
फेडरेशन के जिला संयोजक सतीश ब्यौहरे का मानना है कि यह केवल पटवारी संघ या किसी एक विभाग का आंदोलन नहीं है, बल्कि कर्मचारी एकता, सम्मान, अधिकार एवं न्याय की लड़ाई है। समय की मांग है कि हम सभी संगठनात्मक एकजुटता का परिचय देते हुए एक मंच पर एकत्रित होएंगे। एकता ही शक्ति है, संगठन ही हमारी पहचान है।

