सवा 4 करोड़ का गबन, बिजली कर्मी बंदी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कवर्धा, 17 नवंबर। कबीरधाम जिले की पिपरिया पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के दो विद्युत वितरण केंद्रों में 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के वित्तीय गबन के मामले में आरोपी कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक रवेली एवं मरका विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थापना के दौरान राशि बैंक खाते में जमा नहीं करने का आरोप है।
प्रार्थी सुनील कुमार गुप्ता (सहायक अभियंता, उप संभाग छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पिपरिया) ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि विद्युत वितरण कंपनी में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ कर्मचारी मनोज साहू की रवेली केंद्र में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कुल 3,17,90,699 रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं की गई और उसका गबन किया गया। इस शिकायत पर थाना पिपरिया में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मरका विद्युत वितरण केंद्र के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने भी शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी मनोज साहू द्वारा वहां पदस्थापना के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कंपनी की कुल 1,12,69,171 रुपये की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई और वित्तीय अनियमितता की गई। इस प्रकार दोनों केंद्रों से संबंधित मामलों में कुल 4,30,59,870 रुपये की राशि के गबन का आरोप सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, पिपरिया पुलिस द्वारा जांच के दौरान आरोपी मनोज साहू से पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी द्वारा कृत्य स्वीकार किए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में जांच जारी है।



