बातचीत बंद की तो फर्जी आइडी बनाकर निजी तस्वीरें कर दीं वायरल
राजनांदगांव : सोशल मीडिया पर हुई पहचान के बाद बातचीत बंद करना एक युवती के लिए परेशानी का कारण बन गया। आरोप है कि महाराष्ट्र के एक युवक ने युवती के निजी फोटो और वीडियो उसके परिचितों को भेजकर प्रसारित कर दिए। इतना ही नहीं, फर्जी इंस्टाग्राम आइडी बनाकर उसकी तस्वीरें प्रोफाइल पर लगाईं और दोस्तों को फालो करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी में आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जारवाही निवासी 23 वर्षीय युवती (परिवर्तित नाम नेहा) की अक्टूबर 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से महाराष्ट्र के बीड़ जिले के ग्राम पिंपलनेर निवासी शुभम जयभय (21) से पहचान हुई थी। दोनों के बीच वीडियो काल और वाट्सएप पर बातचीत होती थी। इस दौरान युवती ने कुछ निजी तस्वीरें भी साझा की थीं। करीब डेढ़ साल तक बातचीत चलने के बाद युवती ने लगभग छह महीने पहले उससे संपर्क बंद कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद युवक ने युवती के निजी फोटो-वीडियो उसके परिचितों को भेजने शुरू कर दिए। वह दोबारा बातचीत करने के लिए दबाव बना रहा था और ऐसा नहीं करने पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दे रहा था। पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपित अब तक उसके परिचितों को निजी फोटो-वीडियो भेज चुका है। इसके अलावा ‘carb_47558008’ और ‘piiku_’ नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आइडी बनाकर उसकी तस्वीरें प्रोफाइल पर लगाई हैं। लगातार हो रही इस हरकत से परेशान युवती ने 16 नवंबर को तुमड़ीबोड़ चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आरोपित शुभम जयभय के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना में लिया है।
