रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास, तीन महिलाएं गिरफ्तार; ओडिशा की प्रसूता को बनाया था बंधक
रायपुर, 18 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया। इसके बाद तीन महिलाओं ने उसके नवजात बच्चे को निःसंतान दंपत्ति को बेचने की साजिश रची। महिला के विरोध करने पर उसे बच्चे सहित बंधक बनाकर रखा गया। मामले में रायपुर पुलिस ने तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया।
महिला ने जब अपने बच्चे को बेचने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया। पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला को नवजात शिशु सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया और बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की बिना अनुमति के नवजात को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत बीएनएस की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आजाद चौक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्त होने से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही अन्य संभावित आरोपियों और पूर्व में हुई घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। विवेचना में जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार महिला आरोपियों के नाम
पुलिस ने कृतिका साहू (34 वर्ष), निवासी आमापारा रामकुंड, थाना आजाद चौक रायपुर; अहिल्या नामदेव (40 वर्ष), निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी रायपुर और गीतिका नाग (36 वर्ष), निवासी स्टोर पारा पुरैना, भिलाई-3, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस की जांच और पूछताछ जारी है।

