छत्तीसगढ़

खेत की रखवाली करती महिला को हाथी ने कुचला, मौत

सीमावर्ती गांवों में अलर्ट

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कवर्धा, 18 नवंबर। कवर्धा वनमंडल के तरेगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत बनंगौरा के जंगल में बुधवार सुबह हाथी के हमले से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला खेत की रखवाली करने जंगल की ओर गई थी। घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को जंगल में जाने और खेतों की रखवाली के लिए अकेले जाने से बचने की सलाह दी गई है।

मृतका की पहचान बनंगौरा निवासी बैगिन बाई (55), पति मनोहर, के रूप में हुई है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, महिला 18 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर जंगल के भीतर स्थित खेत की सुरक्षा के लिए गई थी। परिजनों ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे हाथी के चिंघाडऩे की आवाज सुनाई दी थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान हाथी ने महिला पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों को 25 हजार की तत्काल सहायता
घटना की सूचना मिलते ही उपवनमंडलाधिकारी कवर्धा और तरेगांव वन परिक्षेत्र अधिकारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की ओर से मृतका के परिजनों को जनप्रतिनिधि के माध्यम से 25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी गई है। विभाग के अनुसार, शेष 5.75 लाख रुपये की सहायता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस प्रतिवेदन मिलने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रदान की जाएगी।

मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर घूम रहा अकेला हाथी
वन विभाग के मुताबिक, पिछले करीब एक सप्ताह से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे जंगलों में एक वयस्क हाथी विचरण कर रहा है। हाल ही में मध्यप्रदेश में भी हाथी के हमले से एक महिला की मौत की जानकारी सामने आई है। ऐसे में वन विभाग को आशंका है कि बनंगौरा में हुई घटना के पीछे भी वही हाथी हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इन गांवों के ग्रामीणों को विशेष सतर्कता की जरूरत
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए तरेगांव वन परिक्षेत्र और मध्यप्रदेश वन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से गश्त कर रही हैं। आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को हाथी की मौजूदगी के प्रति आगाह किया जा रहा है।

वन विभाग ने भुरसी पकरी, सुकझर, दलदली, दरई, कुरकी, अंधरीकछार, मुकाम, बाघमाड़ा, हड़ही, केशमर्दा, बाकी, पीपरखुटा, साजाटोला, गढ़ीदादर, सलेरीदादर, चेन्द्रदादर, धनवाही, मुरता, कोयलारी और मोधियातपथरा सहित आसपास के वन क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

हाथी के पास न जाएं, न लें जोखिम
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी के विचरण वाले जंगलों में प्रवेश न करें और खेतों की रखवाली के लिए जंगल की ओर जाने से बचें। हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने, भीड़ लगाने, उसे भगाने या फोटो-वीडियो बनाने के लिए पीछा करने से परहेज करें। हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और गश्ती दल के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button