छत्तीसगढ़

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव पर किया बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला

-डैन वुडलैंड और सारा रेन्सफोर्ड

रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव में पुलों और रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाया है.

रूस ने रातभर बड़े पैमाने पर हमला किया और इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इसे युद्ध के अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया है. इस हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है.

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्राइमिया ब्रिज पर हुए हमले का बदला लेने की धमकी दी थी. इस पुल का निर्माण रूस ने क्राइमिया प्रायद्वीप से जोड़ने के लिए कराया था.

रूस के ताज़ा हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब युद्ध शांति को लेकर कई स्तरों पर बातचीत चल रही है. वहीं, रूस ने अमेरिका के उस दावे को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि रूस यूक्रेन के लिए पश्चिमी देशों के समर्थन वाली सुरक्षा गारंटी पर सहमत हो सकता है.

ज़ेलेंस्की ने बताया कि रूस ने रातभर यूक्रेन के कई शहरों और इलाक़ों में हमले किए. इन हमलों में रिहायशी इमारतों और ऊर्जा ठिकानों को भी निशाना बनाया गया. पूरी रात हवाई हमले का अलर्ट जारी रहा. सुबह तक भी सायरन बजते रहे.

ज़ेलेंस्की के मुताबिक, रूस ने 110 से ज़्यादा मिसाइलें और 400 से अधिक ड्रोन दागे.

उन्होंने कहा कि रूस ने 20 से 30 मिनट के अंतराल पर कई हमले किए. यह बेहद ख़तरनाक रणनीति थी. इससे आग बुझाना, मलबा हटाना और ज़रूरी सेवाएं बहाल करना और मुश्किल हो गया.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button