मां कहकर जीता भरोसा, चूना लगा दिया 1.30 लाख का

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 7 अक्टूबर। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा में एक युवक ने पहले एक महिला से भावनात्मक रिश्ता बनाया और फिर खुद को उसका बेटा बताते हुए करीब 1.30 लाख रुपये की रकम ऐंठ ली। युवक ने महिला को बताया कि उसके सोने-चांदी के जेवर किसी के पास गिरवी रखे हैं और उन्हें छुड़ाने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है। भरोसे में आई महिला ने उसके बताए अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजनी शुरू कर दी। यहां तक कि उसने अपने दोनों बेटों की बचत के पैसे भी लगा दिए।
जबड़ापारा निवासी पूजा पंजवानी से करीब एक सप्ताह पहले एक युवक की मुलाकात हुई थी। बातचीत के दौरान युवक ने खुद को अकेला बताया और भावनात्मक बातें करते हुए पूजा को मां जैसा मानने की बात कही। उसकी बातों से प्रभावित होकर महिला ने उस पर भरोसा कर लिया।
इसके बाद युवक ने बताया कि उसके सोने-चांदी के जेवर किसी व्यक्ति के पास गिरवी हैं। उन्हें छुड़ाने के लिए उसे पैसों की जरूरत है। महिला उसकी बातों में आ गई और युवक के बताए बैंक खातों में रकम भेजती रही।
युवक एक बार पैसे मिलने के बाद फिर नई जरूरत बताकर रकम मांगता। महिला ने उसकी मदद के लिए अपने दोनों बेटों की बचत तक खर्च कर दी। रकम कम पड़ने पर उसने मकान मालिक से 30 हजार रुपये उधार लिए और वह पैसा भी युवक के बताए खाते में जमा कर दिया।
इसके बाद भी युवक ने 25 हजार रुपये और मांगे। लगातार बढ़ती मांग पर महिला को शक हुआ। उसने परिवार के लोगों को पूरी बात बताई, तब ठगी का खुलासा हुआ।
महिला की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने ठगी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।



