सिंगापुर दौरे से लौटे सीएम, कहा-छत्तीसगढ़ को मिले साढ़े 43 हजार करोड़ के एफडीआई प्रस्ताव
एयरपोर्ट पर स्वागत
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 7 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे के बाद बुधवार को रायपुर लौट आए। उन्होंने बताया कि 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास के दौरान सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) फोरम-2026 में छत्तीसगढ़ ने भाग लिया। विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ को इस आयोजन में भाग लेने के लिए नामांकित किया था।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में बताया कि सिंग फोरम-2026 में छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया गया और उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहयोग के लिए प्रदेश का दौरा करने आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि यह बताते हुए खुशी है कि छत्तीसगढ़ के लिए करीब 43,600 करोड़ रुपए के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के प्रस्ताव मिले हैं।
साय ने बताया कि सबसे बड़ा प्रस्ताव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से आया है। कंपनी प्रदेश में 100 मेगावाट क्षमता का कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुकूल हाइपरस्केल डेटा सेंटर परिसर विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इसके अलावा सिंगापुर की वैश्विक कृषि व्यवसाय कंपनी वैलेंसी इंटरनेशनल ने भी निवेश में रुचि दिखाई है। यह कंपनी 22 देशों में काम करती है तथा कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात केंद्रों के क्षेत्र में सक्रिय है।



