यूनियन बैंक चंदनीडीह शाखा में रात सेंधमारी की कोशिश

चोरों ने शटर और मुख्य तोड़ा, कैश वाल्ट और स्ट्रांग रूम खोलने में रहे विफल
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 7 अक्टूबर ।कल रात शहर के आउटर इलाके चंदनडीह टाटीबंध स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अज्ञात बदमाशों सेंधमारी की कोशिश की। इसमें बैंक का मुख्य ताला और शटर तोड़कर अंदर घुसे और बैंक के लाकर व कैश वाल्ट को तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया।
सुबह बैंक खोलने पहुंचे कर्मचारी ने सबकुछ अस्त व्यस्त देख शाखा प्रबंधक को सूचना दी। उनकी शिकायत पर आमानाका पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बैंक शाखा के शाखा प्रबंधक गणेश कुमार मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पांच अक्टूबर की शाम करीब सात बजे दैनिक कामकाज पूरा होने के बाद बैंक बंद कर दिया गया था। छह अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे बैंक कर्मचारी दानिश खान शाखा खोलने पहुंचे। उन्होंने शाखा प्रमुख के केबिन के प्रवेश द्वार का ताला टूटा और शटर क्षतिग्रस्त देखा। इसकी सूचना तत्काल शाखा प्रबंधक को दी गई।
शाखा प्रबंधक के मौके पर पहुंचने पर बैंक के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। अज्ञात व्यक्ति ने ताला तोड़ने के साथ खिड़की का कांच भी तोड़ा था। चेकबुक ड्रॉप बाक्स और टेबल की दराज को नुकसान पहुंचाया गया था। बैंक का कंप्यूटर स्क्रीन और मानिटर भी क्षतिग्रस्त मिला। सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई कि कैश वाल्ट और स्ट्रांग रूम के लॉक को भी तोड़कर खोलने का प्रयास किया गया था।
बैंक प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि शाखा में रखी नकदी, अभिलेख, दस्तावेज और अन्य परिसंपत्तियों का विस्तृत आंकलन अभी किया जाना बाकी है। इसके बाद ही वास्तविक वित्तीय नुकसान और संपत्ति को हुई क्षति का पता चल सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही बदमाश के बैंक में प्रवेश और बाहर निकलने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है।



