1-25 तक भाजपा के सेवा दूत 90 विस क्षेत्र में

सेवा दूत अभियान – संकल्प सेवा संवाद की प्रांतीय कार्यशाला
रायपुर, 25 नवंबर।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को सेवा दूत अभियान – संकल्प सेवा संवाद की प्रांतीय कार्यशाला हुई। ये सेवा दूत 1-25 दिसंबर तक सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में संगठन, सरकार के कार्यों को जनता के बीच प्रचारित करेंगे।
सेवा दूत अभियान भाजपा के सेवा संकल्प का जीवन्त उदाहरण है : सिद्धार्थ शंभू
भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू ने कहा कि सेवा दूत अभियान भाजपा के सेवा संकल्प का जीवन्त उदाहरण है। सेवा दूत का दायित्व केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुँचकर उसकी सेवा करना, उसकी समस्या सुनना और उसका समाधान करना है।
सेवा दूत बूथ, गांव वार्ड में जनता से सीधा संवाद करना है : देव
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि सेवा दूत अभियान के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ, अपने गाँव और अपने वार्ड में जनता से सीधा संवाद करना है और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अन्तिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। श्री देव ने कहा कि जब कार्यकर्ता सेवा भाव से जनता के बीच जाएगा, तभी संगठन और अधिक मजबूत होगा और जनता का विश्वास और बढ़ेगा।
सेवा दूत अभियान प्रदेश के हर कोने तक पहुँचे : कर्मवीर सिंह
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता योजना बनाकर, अनुशासनपूर्वक टीम भावना से काम करें, ताकि सेवा दूत अभियान प्रदेश के हर कोने तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।
महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है : चौधरी
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों से संवाद करें, उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें योजनाओं से जोड़ने का काम करें।
सेवा दूत अभियान कार्यकर्ताओं के जीवन का संस्कार बने : डॉ. सरोज
भाजपा पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. (सुश्री) सरोज पाणडेय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विनम्रता और समर्पण के साथ जनता की सेवा करें, संवाद के माध्यम से जनता का विश्वास जीतें और संकल्प सेवा संवाद को छत्तीसगढ़ में जन आंदोलन का रूप दें।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, विधायक विक्रम उसेंडी, गोमती साय, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



