छत्तीसगढ़

यूक्रेन युद्ध में रूस के करीब पांच लाख सैनिकों की मौत, रूसी सरकारी आंकड़ों से सामने आई जानकारी

-ओल्गा इव्शिना और यारोस्लावा किर्यूखिना

रूस के सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 4,90,334 रूसी सैनिकों की मौत हुई है.

बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, रूस की सरकारी आंकड़े जुटाने वाली संस्था रोसस्टैट के आंकड़ों के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई है.

लीक हुए रोसस्टैट के आंकड़े बताते हैं कि यूक्रेन पर रूस के फुल स्केल हमले ने देश में मौत के पैटर्न को किस तरह बदल दिया है.

इन आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि इस युद्ध में रूस को कितनी बड़ी मानवीय क़ीमत चुकानी पड़ी है.

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुरुआत में माना था कि यह युद्ध कुछ ही दिनों में ख़त्म हो जाएगा. लेकिन अब इसे शुरू हुए क़रीब पांच साल होने वाले हैं.

बीबीसी रूसी सेवा को 2021 से सितंबर 2026 तक के 1.1 करोड़ से ज़्यादा मृत्यु के रिकॉर्ड मिले हैं. ये रिकॉर्ड बेलारूस के समूह साइबर पार्टिज़न्स बीवाई और यूक्रेन के साइलेंट क्रो की ओर से किए गए साइबर हमले के बाद सामने आए.

रोसस्टैट एजेंसी ने साइबर हमले की बात स्वीकार की है. हालांकि, लेकिन इस बात से इनकार किया कि कोई सुरक्षित या गोपनीय जानकारी लीक हुई है.

बीबीसी रूसी सेवा ने स्वतंत्र रूसी मीडिया संस्थान मीडियाज़ोना के साथ मिलकर इन आंकड़ों की तुलना अपनी उस सूची से की, जिसमें रूस के सैन्यकर्मियों की पुष्टि की गई मौतों का रिकॉर्ड है.

यह सूची युद्ध शुरू होने के बाद से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध स्रोतों के आधार पर तैयार की गई है. दोनों आंकड़ों में 90 फ़ीसदी रिकॉर्ड का मिलान हुआ है.

सैन्य विशेषज्ञों का अनुमान है कि बीबीसी की सूची में दर्ज 2,90,012 मौतें वास्तविक संख्या का 45 से 55 फ़ीसदी हो सकती हैं.

यह सूची सरकारी रिपोर्टों, सोशल मीडिया पोस्ट, नए स्मारकों और कब्रों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई है.

विशेषज्ञों के इस अनुमान के मुताबिक़, यूक्रेन युद्ध में रूसी सैनिकों की वास्तविक मौतों की संख्या 5,27,295 से 6,44,471 के बीच हो सकती है.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button