ताजा खबर

कुष्ठ रोग की पहचान और दिव्यांगता रोकथाम के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को मिला प्रशिक्षण।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय महासमुंद में ग्रामीण चिकित्सा सहायक (आरएमए), ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (आरएचओ) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मैदानी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों की तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता बढ़ाकर कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और दिव्यांगता की रोकथाम सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह कुशवाहा ने कहा कि कुष्ठ रोग पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से मरीज स्वस्थ हो सकते हैं तथा बीमारी से होने वाली दिव्यांगता को भी रोका जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को अपने कार्यक्षेत्र में सजगता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज महासमुंद की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. गरिमा झा ने कुष्ठ रोग के लक्षण, प्रारंभिक पहचान, जांच एवं उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि त्वचा पर सुन्न दाग-धब्बे, प्रभावित स्थान पर संवेदना की कमी और नसों में मोटापन कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज की तत्काल जांच और उपचार आवश्यक है।

फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मधु राज देवांगन ने प्रदर्शन के माध्यम से संभावित मरीजों की पहचान, शारीरिक परीक्षण, नसों की जांच तथा दिव्यांगता की स्थिति का आकलन करने की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने हाथ, पैर एवं आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान और दिव्यांगता से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण में बहुऔषधि उपचार, उपचार की अवधि एवं नियमितता, मरीजों के संपर्क में आए व्यक्तियों की जांच, दिव्यांगता प्रबंधन और मरीजों की समुचित देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। स्वास्थ्यकर्मियों को संदिग्ध मरीजों की पहचान, उपचार के लिए रेफरल और नियमित निगरानी की प्रक्रिया भी समझाई गई।इसके साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से कुष्ठ रोग से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के सफल संचालन में जिला सलाहकार एकेश्वर शुक्ला, हेल्थ एजुकेटर हरिशंकर साहू एवं मास्टर ट्रेनर सुनील देवदास ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कुष्ठ रोग की शीघ्र पहचान, नियमित उपचार और दिव्यांगता की रोकथाम के माध्यम से कुष्ठ मुक्त जिले के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button