गांव की स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी मितानिनों का मुरमुर में हुआ सम्मान,ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिनों की भूमिका महत्वपूर्ण, सेवा और समर्पण की हुई सराहना।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
ग्राम पंचायत मुरमुर में मितानिनों के सेवा भाव, समर्पण और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत की सरपंच गंगासागर कंवर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।समारोह में जनपद सदस्य राजमति नागेश, ब्लॉक समन्वयक लक्ष्मी साहू एवं मितानिन प्रशिक्षक मालती टेंडो की विशेष उपस्थिति रही।ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने में मितानिनें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं।मितानिनें स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीण जनता के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में उनका योगदान सराहनीय है।मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटी इन महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।

