छत्तीसगढ़

इंद्रावती के जंगल में नक्सल डंप से सवा 4 करोड़ का सोना बरामद

सवा 24 लाख नगद भी मिले, स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे थे 33 सोने के बिस्किट
छत्तीसगढ़संवाददाता
बीजापुर, 28 नवंबर। बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया नक्सल डम्प बरामद हुआ है। इस डम्प से पुलिस ने 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में जमीन के अंदर नक्सली डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित स्थान पर सर्चिंग के दौरान बीडीएस टीम को जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा मिला। तलाशी लेने पर उसमें 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में 24,22,500 रुपये नगद भी मिले।
पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है। सोने और नगदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप अब तक माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नगद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button