इंद्रावती के जंगल में जमीन के नीचे मिला 4.29 करोड़ का सोना, 24.22 लाख नकद भी बरामद
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बीजापुर, 28 नवंबर। जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया माओवादी डम्प बरामद हुआ है। सुरक्षा बलों ने डम्प से 3.84 किलो सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इंद्रावती नदी के आसपास के जंगल में माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।
थाना भैरमगढ़ से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर चिन्हित स्थान पर तलाशी के दौरान बीडीएस टीम को जमीन के अंदर दबाकर रखा गया स्टील का एक डिब्बा मिला। इसमें 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट रखे थे। इनका कुल वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम है। इसके अलावा टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद भी मिले।

पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है। सोने और नकदी के संबंध में थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप अब तक माओवादी डम्प से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।