कछुओं की तस्करी, आधा दर्जन बंदी

टोटका और अंधविश्वास में इस्तेमाल की भी आशंका
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 28 नवंबर। सूरजपुर जिले में वन विभाग ने कछुआ तस्करी का भंडाफोड़ किया है। वन विभाग और वन्यजीव अपराध नियंत्रण दल की संयुक्त टीम ने ग्राहक बनकर तस्करों से संपर्क किया और सौदा तय होने के बाद सूरजपुर बस स्टैंड पर दबिश देकर छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से तीन जीवित कछुए भी बरामद किए गए हैं।
वन विभाग को क्षेत्र में कछुओं की अवैध खरीद-फरोख्त किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग एवं वन्यजीव अपराध नियंत्रण दल ने संयुक्त रूप से योजना तैयार की। टीम के अधिकारियों ने ग्राहक बनकर तस्करों से संपर्क किया और कछुओं का सौदा तय किया। जैसे ही आरोपी कछुओं को लेकर सूरजपुर बस स्टैंड पहुंचे, पहले से घात लगाए टीम के सदस्यों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन जीवित कछुए बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में कछुओं का इस्तेमाल टोटका और अंधविश्वास से जुड़ी गतिविधियों में किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसके वास्तविक उद्देश्य का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
वन विभाग ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
एसडीओ फॉरेस्ट सूरजपुर संतोष पाण्डेय ने बताया कि अभी जांच चल रही है मामले में और भी आरोपियों के नाम सामने आ रहे है उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी।
