नाली में फंसा हाथी बच्चा, वन अमले ने सुरक्षित निकाला

छत्तीसगढ़ संवाददाता
उदयपुर, 28 नवंबर। ग्राम अलकापुरी में वन विभाग की टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए 12 दिन के हाथी शावक की जान बचा ली। करीब 18 हाथियों के दल और कबरा हाथी की मौजूदगी के बीच वन अमले ने चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान चलाकर शावक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया। नाली में उल्टा फंसा शावक बाहर निकलने के बाद अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था। ऐसे में तीन वनकर्मियों ने जोखिम उठाकर उसे सहारा दिया। घटना 27 नवंबर की रात की है।
18 हाथियों का दल करमकटरा के पीबी-130 क्षेत्र से होते हुए उपका, खुटनपारा और महेशपुर की ओर बढ़ा। रात करीब 8 बजे दल ग्राम अलकापुरी में अकालू यादव के खेत के आसपास पहुंचा। इस दौरान हाथियों के लगातार चिंघाडऩे और असामान्य आवाजें निकालने पर वन अमले को किसी शावक के संकट में होने की आशंका हुई।
करीब डेढ़ घंटे तक हाथियों के व्यवहार पर नजर रखने के बाद वन विभाग ने ड्रोन की मदद से क्षेत्र की निगरानी की। ड्रोन संचालक ऋतिक सोनी ने नाली में उल्टी अवस्था में फंसे एक नन्हे शावक का पता लगाया। इसके बाद तत्काल बचाव की तैयारी शुरू की गई।
दो जेसीबी की मदद से निकाला बाहर
मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए दो जेसीबी मशीनें बुलाई गईं। हाथियों के दल की मौजूदगी के बीच पटाखों की आवाज से उन्हें कुछ दूरी पर हटाने का प्रयास किया गया। इसके बाद जेसीबी की रोशनी में नाली के आसपास की मिट्टी हटाकर शावक को बाहर निकाला गया। हालांकि, बाहर आने के बाद भी उसके पैरों को जमीन पर पकड़ नहीं मिल रही थी और वह खड़ा नहीं हो पा रहा था।
ऐसे में वनकर्मी इंद्र प्रसाद पिपला, अमरनाथ राजवाड़े और वसंत राम ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना शावक को सहारा दिया। उन्होंने उसके पैरों को संभालने और सूंड को संतुलित करने में मदद की। कुछ देर के प्रयास के बाद शावक अपने पैरों पर खड़ा हो गया और जेसीबी की दिशा में दौडऩे लगा।
मां की आवाज सुनकर दल की ओर दौड़ा शावक
बचाव अभियान के दौरान करीब एक घंटे तक हाथियों का दल घटनास्थल के आसपास मंडराता रहा। इसी बीच शावक को अपनी मां की आवाज सुनाई दी। वह जेसीबी से करीब 10 मीटर दूर मौजूद हाथियों के समूह की ओर बढ़ा और सुरक्षित अपने दल में शामिल हो गया। शावक को परिवार के बीच पहुंचता देख वन अमले ने राहत की सांस ली।
यह अभियान डीएफओ लोकनाथ पटेल और एसडीओ सपना मुखर्जी के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्राधिकारी फेकु प्रसाद चौबे के नेतृत्व में पूरा हुआ। इसमें परिक्षेत्र सहायक, वनपाल, वनरक्षक, दो जेसीबी चालक, ग्रामीण सहयोगी और ड्रोन संचालक ऋतिक सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उदयपुर के मीडिया प्रभारी कांती रावत भी अभियान के दौरान टीम के साथ मौजूद रहे।
