कोरबा: एनटीपीसी केंद्रीय विद्यालय में 220 विद्यार्थियों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी, पुलिस अधिकारियों ने किया जागरूक
कोरबा, 29 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एनटीपीसी केंद्रीय विद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 220 विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य केपी साहू सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। इस दौरान अतिरिक्त SP रामगोपाल करियारे एवं अतिरिक्त SP लखन पटले, डीएसपी यातायात ज्योत्सना चौधरी तथा एएसआई मनोज राठौर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय बरती जाने वाली सावधानियों, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात संकेतों की पहचान तथा सड़क पार करने के सही तरीके के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल लखन सिंह, कांस्टेबल राम पटेल, राकेश साहू एवं गजेंद्र पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
