छत्तीसगढ़

राज्य पुलिस को मिले 642 नए आरक्षक, 208 महिला सिपाही शामिल; रायपुर में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड

रायपुर, 29 नवंबर। राज्य पुलिस को 642 नए आरक्षक मिल गए हैं। राजधानी के माना स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में शनिवार को 76वें सत्र की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। इसमें 434 पुरुष और 208 महिला आरक्षकों ने बुनियादी प्रशिक्षण पूरा कर पुलिस सेवा की शपथ ली।

समारोह में पुलिस मुख्यालय में पदस्थ आईजी (अजाक) बालाजी राव सोमावार मुख्य अतिथि रहे। नव आरक्षकों ने 16 प्लाटूनों में मार्च पास्ट कर अनुशासन और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में जशपुर के प्रभु कुमार ने ऑलराउंड बेस्ट का पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में मुंगेली की अंजली दूसरे स्थान पर रहीं।

नव आरक्षकों को कानून, पुलिस प्रक्रिया, अपराध शास्त्र, पुलिस विज्ञान और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी दी गई। बदलते अपराधों को देखते हुए कंप्यूटर, साइबर क्राइम और अंग्रेजी का भी प्रशिक्षण दिया गया। माओवाद समस्या, राज्य की प्रतिक्रिया और प्रदेश के शहीदों के बारे में भी पढ़ाया गया।

हथियारों के साथ शारीरिक दक्षता पर जोर

मैदानी प्रशिक्षण में फिजिकल ट्रेनिंग, योग, अनआर्म्ड कांबैट, आब्स्टेकल ट्रेनिंग, राक क्लाइम्बिंग, राफ्टिंग और स्लेदरिंग जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। जवानों को आधुनिक हथियारों के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया।

रानू राज ने संभाली परेड की कमान

दीक्षांत परेड का नेतृत्व नव आरक्षक रानू राज ने किया। चितरंजन बघेल ने परेड कमांडर टूआइसी की जिम्मेदारी संभाली। समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि बालाजी राव सोमावार ने कहा कि प्रशिक्षण व्यक्ति को तराशने की प्रक्रिया है। उन्होंने जवानों से अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ पुलिस सेवा करने का आह्वान किया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button