CG CRIME : फर्जी CBI अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट की धमकी, 13.30 लाख की साइबर ठगी करने वाला आरोपी आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार
धमतरी, 29 नवंबर। साइबर ठगों ने फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का भय दिखाकर एक व्यक्ति से 13 लाख 30 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। मामले में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय आरोपी को आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शेक घोष बासा (32 वर्ष) निवासी रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अगस्त 2025 की है। शाम करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच प्रार्थी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए प्रार्थी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तार करने की धमकी दी। इसके बाद केस रफा-दफा करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराने का दबाव बनाया।
आरोपी की धमकी और गिरफ्तारी के डर से प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो अलग-अलग बैंक खातों में क्रमशः 5 लाख 30 हजार और 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 13 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की गई। इसके बाद भी आरोपी द्वारा और पैसों की मांग किए जाने पर प्रार्थी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 128/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(घ) आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
SP भावना पांडेय के निर्देशन में मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम जिस बैंक खाते में जमा कराई गई थी, वह आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर था।
इसके बाद धमतरी पुलिस की टीम आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी के निवास पर धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराया। पूछताछ के लिए उसे थाना मगरलोड बुलाया गया। यहां गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उससे वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन ई-साक्ष्य सहित जब्त कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी शेक घोष बासा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया। न्यायालय से 11 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी की शेष रकम का पता लगाने में जुटी है।
धमतरी पुलिस ने साइबर ठगी से बचने की दी सलाह
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति खुद को CBI, पुलिस, ED या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी अथवा मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दे तो घबराएं नहीं। जांच एजेंसियां फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करतीं और न ही केस खत्म करने के नाम पर बैंक खाते में पैसे जमा कराने को कहती हैं।
पुलिस ने लोगों को अनजान व्यक्तियों के साथ OTP, PIN और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा डराने-धमकाने वाले कॉल पर पैसे ट्रांसफर नहीं करने की सलाह दी है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना देने की अपील की गई है।
