विधायकों से करेंगे सवाल बैंक के सामने बजेगा नगाड़ा

किसानों ने लिया चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 29नवंबर ।रविवार को कलेक्टोरेट गार्डन रायपुर में प्रदेश के संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों की बैठक हुई । इसकी संयुक्त रूप से अध्यक्षता तेजराम विद्रोही प्रदेश अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), जनकलाल ठाकुर पूर्व विधायक एवं संरक्षक जिला किसान संघ बालोद और नरोत्तम शर्मा प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ किसान महासभा ने किया।
बैठक में चक्रवात एवं बारिश के कारण हुए फसल नुकसान का मुआवाज देने, फ़सल बीमा के नाम पर हुए लूट, धान खरीदी की धीमी चाल एवं रकबा में कटौती, अंतर की राशि 917 रूपये प्रति क्विंटल की दर से 19257 रूपये प्रति एकड़ देने, सब्जी, मक्का एव अन्य फसल उत्पादक किसानों को भी 19257 रूपये आदान राशि देने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि प्रदेश के किसान तीन तूफान के बाद भारी आर्थिक संकट से गुजर रहा है और प्रदेश का मुखिया केवल बातों और आंकड़ों में लगा है जो प्रदेश के आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों के प्रति संवेदनहीनता को दिखाता है जो अभी तक किसानों के लिए कर्ज माफ़ी का भी घोषणा नहीं कर पाए हैं फसल नुकसान की सर्वे के लिए बीमा कंपनी और प्रशासन का अमला खेतों तक नहीं पहुँच पाया है।
किसानों ने कहा कि बीमा कम्पनियाँ फसल बीमा की राशि किसानों के केसीसी कर्ज से उन्हें बिना पूछे काट लिया है जिसका पॉलिसी भी किसानों को नहीं मिला है और टोल फ्री नंबर 14447 से बात करने पर फसल नुकसानी का प्रतिशत किसानों को पूछा जा रहा है और बताया जा रहा है कि यदि फसल कटने के बाद नुकसान हुआ है तो उसका मुआवजा बनेगा लेकिन यदि फसल जड़ से जुडा हुआ है और वह तूफान से जमीन में लोटकर पानी में डूबकर सड़ गया है तो उसका मुआवजा नहीं मिलेगी। इस प्रकार बैंक, प्रशासन और बीमा कंपनी मिलकर किसानों को लूट रहें हैं।
संयोजक तेजराम विद्रोही ने बताया कि बैठक में चरणबद्ध आंदोलन की रुपरेखा बनायी गयी है।
प्रथम चरण में प्रदेश के सभी विधायकों को 6 दिसंबर तक पत्र देकर विधानसभा पटल में रखने की मांग किया जायेगा। इन मांगों में कर्ज माफ़ी,समर्थन मूल्य 3100 में 258 रूपये जोड़कर 3358 रूपये प्रति क्विंटल देने, सभी प्रकार के फसल उत्पादक किसानों को 19257 रूपये प्रति एकड़ आदान सहायता देने, फसल नुकसानी का 65100 रूपये प्रति एकड़ मुआवाज देने, फसल बीमा कंपनियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज करना शामिल है।
दूसरे चरण में फसल बीमा कंपनी और बैंक की मिलीभगत के खिलाफ बैंक के समक्ष नगाड़ा बजाया जाएगा ।
यदि सरकार संज्ञान नहीं लेती है तो तीसरे चरण में सडक जाम, रेल रोको, हवाई रोको की तैयारी की जाएगी।
यह चरणबद्ध आंदोलन तब तक जारी रहेगी ज़ब तक किसानों को उनका अधिकार नहीं मिल जाता।



